Homeराज्यBihar Weather Update: बिहार के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,...

Bihar Weather Update: बिहार के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात के साथ 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पटना: बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान उमस का असर भी बना रहेगा।

मौसम विभाग ने दरभंगा, पूर्वी चंपारण, जमुई, मुजफ्फरपुर, नवादा और समस्तीपुर में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बारिश के दौरान वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पटना के दुल्हिन बाजार में 65.4 मिमी, नौबतपुर में 38.4 मिमी और बिक्रम में 34.4 मिमी वर्षा हुई। वहीं, बेगूसराय के शाम्हो कुरहा में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

बारिश के बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। केवल शेखपुरा को छोड़कर पटना सहित ज्यादातर जिलों में तापमान ऊपर गया। पटना का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

अगले 2-3 दिनों तक जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ अमृतसर, अंबाला, मुजफ्फरनगर, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास का चक्रवाती परिसंचरण अब हरियाणा के आसपास स्थित है।

इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

इन जिलों में दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में भागलपुर में 82.5 मिमी, समस्तीपुर के मोहनपुर में 78.2 मिमी, बक्सर के राजपुर में 67.4 मिमी, भागलपुर के शाहकुंड में 62.8 मिमी, लखीसराय के सूर्यगढ़ा में 60.2 मिमी, मुंगेर में 56 मिमी, दरभंगा के घनश्यामपुर में 52.8 मिमी, खगड़िया के परबत्ता और गोगरी में 51-51 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा भागलपुर के सुल्तानगंज में 49.8 मिमी, नालंदा के सरमेरा में 49.6 मिमी, भोजपुर के शाहपुर में 44.8 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 43.8 मिमी, भभुआ के दुर्गावती में 43.4 मिमी, नालंदा के बेन में 42.8 मिमी, थरथरी में 41.2 मिमी और हिलसा में 38.4 मिमी वर्षा हुई।

लखीसराय के चानन में 34.2 मिमी, बक्सर के ब्रह्मपुर में 32.6 मिमी, राजगीर में 31.4 मिमी, मुंगेर के बरियारपुर में 28.6 मिमी, बांका के अमरपुर में 28.4 मिमी और बेगूसराय में भी 28.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

भारी बारिश और मेघ गर्जन के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। तेज हवाओं के दौरान भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments