पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने 31 अगस्त 2026 यानि आज बिहार के कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इसके चलते सोमवार को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।
इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट
आज पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।
1 और 2 सितंबर को भी बारिश जारी
मौसम विभाग ने बताया है कि 1 सितंबर को बिहार में भारी बारिश और 2 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा अगले कई दिनों तक गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और स्थानीय मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
सितंबर में कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में सितंबर के शुरुआती दिनों में बारिश का दौर बना रह सकता है। हालांकि, पूरे राज्य में मानसून की स्थिति अभी भी सामान्य से कमजोर बताई जा रही है और बारिश का वितरण असमान रह सकता है।
