Home राज्य बिहार न्यू फरक्का के पास रेलवे ट्रैक धंसा: वंदे भारत और शताब्दी समेत...

न्यू फरक्का के पास रेलवे ट्रैक धंसा: वंदे भारत और शताब्दी समेत कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले मार्ग

0

कटिहार : न्यू फरक्का स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक के पास अचानक जमीन धंसने से पूर्वी एवं पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के प्रमुख रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह बाधित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल प्रशासन ने वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस समेत दर्जनों महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। अचानक लिए गए इस निर्णय से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार रद्द और प्रभावित ट्रेनों में हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, दार्जिलिंग मेल, पदातिक एक्सप्रेस, कंचनकन्या एक्सप्रेस, कंचनजंगा एक्सप्रेस, सरायघाट एक्सप्रेस, तीस्ता-तोरषा एक्सप्रेस और उत्तर बंग एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा हावड़ा-कटिहार एक्सप्रेस तथा बालुरघाट और जोगबनी रूट की कई दैनिक ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए राधिकापुर-हावड़ा एक्सप्रेस, बालुरघाट-कोलकाता एक्सप्रेस और बालुरघाट-भटिंडा एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्ग से रवाना किया जा रहा है। घटनास्थल पर रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई है।

कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि न्यू फरक्का की स्थिति को लेकर रेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और ट्रैक बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों पर भी रेलवे हाई अलर्ट पर है। संवेदनशील इलाकों में जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर कोई आंच न आए।

कटिहार पिट लाइन में सफाई व्यवस्था के संदर्भ में सीनियर डीसीएम ने स्पष्ट किया कि ट्रेनों की साफ-सफाई का काम निर्बाध रूप से चल रहा है। निजी ठेकेदार द्वारा कुछ कर्मियों को हटाए जाने के विवाद पर संबंधित स्तर पर बातचीत की जा रही है और इसका सफाई व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ने दिया जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वे यात्रा पर निकलने से पहले रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा आधिकारिक पोर्टल से अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

कृष्णोत्सव का भव्य समापन, बी प्राक की आवाज पर झूमे पटना के हजारों दर्शक

Exit mobile version