Home राज्य झारखंड टंडवा में पुलिस बल पर पथराव, थाना प्रभारी घायल

टंडवा में पुलिस बल पर पथराव, थाना प्रभारी घायल

0


चतरा:आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर सिदपा में बवाल मच गया। इसे लेकर टंडवा में पुलिस बल पर पथराव में थाना प्रभारी पप्पू शर्मा समेत एक अन्य एसआई और कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। थाना प्रभारी के माथे में चार टांके लगे हैं। उन्हें तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।आरोपित युवक को ग्रामीणों ने पकड लिया। वहीं पुलिस के पहुंचते ही उग्र हुई भीड़ पर आत्मरक्षा में तीन राउंड हवाई फायरिंग की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माजो मियां को ग्रामीणों ने एक आदिवासी महिला के साथ पकड़े जाने के बाद एक घर में बंद कर दिया था। बताया जाता है कि कुछ ग्रामीण घर की एस्बेस्टस की छत तोड़कर अंदर बंद युवक को बाहर निकालकर कथित रूप से दंड देने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मामले की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ सिदपा गांव पहुंचे और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीण और पुलिस आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव में थाना प्रभारी के सिर में गंभीर चोट लगी। अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा में पुलिसकर्मियों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बावजूद काफी देर तक गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपित युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने के प्रयास में जुटी थी।

घटना के बाद गांव में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी सहित अन्य वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस-प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की जा रही है।

इधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग पूरे मामले को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
झारखंड

अभय तिवारी के पिता ने नहीं बल्कि अभय हुआ था जेपीएससी परीक्षा में शामिल

Exit mobile version