Homeराज्यउत्तराखंडकुमाऊं से 2027 की चुनावी रणनीति साधेंगे नवीन, ‘हैट्रिक’ के लिए संगठन...

कुमाऊं से 2027 की चुनावी रणनीति साधेंगे नवीन, ‘हैट्रिक’ के लिए संगठन को देंगे जीत का मंत्र

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का दूसरा उत्तराखंड दौरा नौ सितंबर से – प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठकों में लेंगे हिस्सा- पूर्व सैनिक और सिख गौरव सम्मेलन में भी करेंगे संवाद

हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अध्यक्ष बनने के बाद दूसरी बार उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को कुमाऊं के प्रवेशद्वार हल्द्वानी पहुंचेंगे। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हो रहा उनका यह दौरा संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान प्रदेश संगठन चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति, संगठन की सक्रियता और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पहुंच बढ़ाने को लेकर मंथन करेगा।

नितिन नवीन के सामने उत्तराखंड में भाजपा को लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने की चुनौती होगी। वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में सत्ता हासिल करने के बाद पार्टी अब 2027 में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश दौरा संगठन के लिए चुनावी तैयारियों को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति से लेकर कोर कमेटी तक होने वाली बैठकों में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क और चुनावी अभियान की दिशा पर चर्चा होने की संभावना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को रेल मार्ग से लालकुआं पहुंचेंगे, जहां प्रदेश भाजपा की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से हल्द्वानी पहुंचेंगे। यहां रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम को होटल अमरदीप में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। कोर कमेटी की बैठक के बाद रात्रिभोज का कार्यक्रम है। नवीन का रात्रि प्रवास हल्द्वानी में रहेगा।

गुरुवार को नितिन नवीन महालक्ष्मी मंदिर रुद्रपुर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नाश्ता और युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह शहीद स्मारक पहुंचकर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे। दोपहर बाद वह रुद्रपुर रवाना होंगे,जहां पंजाबी गौरव सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद नबीन पंतनगर एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए नई दिल्ली रवाना होंगे।

दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठकों में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया जाएगा।

भाजपा के लिए उत्तराखंड में 2027 का चुनाव सत्ता बरकरार रखने के साथ संगठन की लगातार तीसरी चुनावी सफलता का लक्ष्य भी है। पार्टी नेतृत्व राज्य सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक एवं क्षेत्रीय समूहों के बीच राजनीतिक संवाद बढ़ाने पर जोर दे रहा है। नवीन की बैठकों में इन मुद्दों के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रोडमैप पर भी चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नवीन के दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति तैयार करने में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन निर्णायक होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है और शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन को नई दिशा देगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को लेकर भी कार्यक्रम होंगे। 10 सितंबर को नबीन युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शहीद स्मारक पहुंचकर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद रुद्रपुर पहुंचकर सिख गौरव सम्मेलन में भाग लेंगे।

नवीन के दौरे में सामाजिक समूहों के साथ संवाद को भी पार्टी की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय के सम्मेलन के जरिए भाजपा संगठनात्मक बैठकों से आगे सामाजिक संपर्क का संदेश देने की कोशिश करेगा। युवा संवाद के माध्यम से युवा मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाली नई पीढ़ी तक पहुंच बनाने पर भी पार्टी का जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली इन बैठकों को सरकार और संगठन के बीच समन्वय और चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होटल विंटेज ग्रीन में,जबकि प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक होटल अमरदीप में प्रस्तावित है।

भाजपा नेतृत्व के लिए यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि विधानसभा चुनाव में अब समय सीमित होता जा रहा है। ऐसे में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दों के रूप में जनता तक ले जाने और बूथ स्तर पर चुनावी मशीनरी को सक्रिय करने की दिशा में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने वाले निर्देश आने वाले महीनों की रणनीति को प्रभावित कर सकते हैं। नबीन का पहला उत्तराखंड दौरा 28 से 30 मई को हुआ था, जिसमें उन्होंने कोर कमेटी, पदाधिकारियों, सांसदों-विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की थीं। दो दिवसीय प्रवास के बाद नवीन 10 सितंबर को पंतनगर एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए नई दिल्ली रवाना होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments