Home राज्य दशहरा-दीपावली-छठ पर बिहार के लिए चलेंगी 400 स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली से पटना...

दशहरा-दीपावली-छठ पर बिहार के लिए चलेंगी 400 स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली से पटना तक बढ़ेगा रेल कनेक्शन

0

पटना : दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दी है। इन ट्रेनों का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच किया जाएगा। इस अवधि में करीब 400 ट्रिप लगाने की योजना है।

दिल्ली, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट, ऋषिकेश समेत देश के 10 से अधिक प्रमुख शहरों से बिहार के अलग-अलग स्टेशनों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा विकल्प मिलेंगे। पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, मुजफ्फरपुर, जोगबनी और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों के लिए विशेष सेवाएं शुरू की जाएंगी।

पहले चरण में 16 स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल तैयार

रेलवे ने पहले चरण में 16 स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी तैयार की है। इन ट्रेनों के जरिए बिहार के प्रमुख स्टेशनों को दूसरे राज्यों के बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा। कुछ ट्रेनें साप्ताहिक, कुछ सप्ताह में दो दिन और कुछ रूट पर रोजाना चलेंगी।

चंडीगढ़ और फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन

चंडीगढ़ से पटना के बीच स्पेशल ट्रेन गुरुवार को चलेगी। इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रस्तावित है। वापसी में पटना से चंडीगढ़ के लिए ट्रेन शुक्रवार को चलेगी, जो 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी।

इसी तरह फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन मंगलवार को चलेगी। यह सेवा 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक जारी रहेगी। पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए ट्रेन बुधवार को चलेगी और इसका परिचालन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होगा।

आनंद विहार से जोगबनी और मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन

आनंद विहार से जोगबनी के लिए स्पेशल ट्रेन शनिवार को चलेगी। इसका परिचालन 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक निर्धारित है। वापसी में जोगबनी से आनंद विहार के लिए ट्रेन रविवार को चलेगी। यह सेवा 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक रहेगी।

आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के बीच स्पेशल ट्रेन मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। इसका परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक होगा। मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए वापसी ट्रेन बुधवार और शनिवार को चलेगी, जिसका परिचालन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक निर्धारित है।

दिल्ली-सीतामढ़ी और ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर ट्रेन भी शामिल

दिल्ली से सीतामढ़ी के लिए स्पेशल ट्रेन गुरुवार को चलेगी। यह सेवा 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक जारी रहेगी। वापसी में सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए ट्रेन शनिवार को चलेगी, जिसका परिचालन 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होगा।

ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन रविवार को चलेगी और 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक इसका परिचालन होगा। वापसी में मुजफ्फरपुर से ऋषिकेश के लिए ट्रेन सोमवार को चलेगी, जो 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी।

आनंद विहार-पाटलिपुत्र रूट पर रोजाना ट्रेन

त्योहारों में दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए आनंद विहार-पाटलिपुत्र रूट भी महत्वपूर्ण रहेगा। आनंद विहार से पाटलिपुत्र के लिए स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन चलाने की योजना है। इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक निर्धारित है।

इसके अलावा आनंद विहार से लौकहा बाजार और लौकहा बाजार से आनंद विहार के बीच भी रोजाना ट्रेन चलाने का कार्यक्रम है। आनंद विहार से लौकहा बाजार की सेवा 16 सितंबर से 29 नवंबर तक, जबकि वापसी सेवा 17 सितंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित की गई है।

नियमित ट्रेनों में भी लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच

स्पेशल ट्रेनों के अलावा रेलवे नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाएगा। पटना से खुलने वाली और पटना होकर गुजरने वाली कई नियमित ट्रेनों में एक से दो अतिरिक्त एसी कोच जोड़े जाने की तैयारी है। इससे त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

इन ट्रेनों में अभी से बढ़ रही सीटों की मांग

त्योहारों के मद्देनजर नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ रही है। तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ राजधानी, कोलकाता राजधानी और फरक्का एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।

ऐसे में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बिहार आने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प साबित हो सकता है। रेलवे की इस तैयारी से दिल्ली और देश के अन्य शहरों में रहने वाले बिहार के लोगों को दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार

बिहार में PM आवास योजना की प्रारूप सूची तैयार, 40% नाम हटने की संभावना; 30 सितंबर तक ग्रामसभा से मंजूरी

Exit mobile version