पटना: बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को ई-मेल के जरिए भेजे गए धमकी भरे संदेश में सिविल कोर्ट की सभी बिल्डिंग को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया।
एहतियात के तौर पर पटना सिविल कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया और न्यायालय का कामकाज रोक दिया गया। पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट का मुख्य द्वार भी बंद कर दिया गया।
ई-मेल से मिली बम की धमकी
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों और कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। बम स्क्वॉड की टीम कोर्ट की अलग-अलग बिल्डिंग और हिस्सों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और किसी भी आपत्तिजनक वस्तु की तलाश में जुटी है।
पुलिस की ओर से धमकी वाले ई-मेल की तकनीकी जांच भी की जा रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा संदेश कहां से और किस माध्यम से भेजा गया।
हालांकि, शुरुआती जांच में अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के बरामद होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सिन्हा के मुताबिक, पटना सिविल कोर्ट को पहले भी कई बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। पूर्व में धमकी मिलने के बाद भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में व्यापक जांच की थी, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ था।
एक पुराने मामले में पुलिस ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के सहयोग से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया था। इसके बाद काफी समय तक इस तरह की धमकी का मामला सामने नहीं आया था।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
इस बार फिर धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस ई-मेल की तकनीकी जांच के साथ-साथ धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
टाउन डीएसपी-1 राजेश कुमार ने बताया कि ई-मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम कोर्ट परिसर में जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पटना सिविल कोर्ट में कामकाज प्रभावित है और सुरक्षा जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
