Home राज्य बाढ़ के बीच CM सम्राट का बड़ा फैसला, मुख्यमंत्री राहत कोष में...

बाढ़ के बीच CM सम्राट का बड़ा फैसला, मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया पूरा एक महीने का वेत

0

पटना : बिहार में बाढ़ और आपदा की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक महीने के वेतन की राशि दान की है। उन्होंने 2 लाख 70 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह को सौंपा।

CM सम्राट ने राहत कोष में सौंपा एक महीने का वेतन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ में मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए यह चेक सौंपा। उन्होंने अपने एक महीने के वेतन की पूरी राशि राहत कोष में दी है। इस राशि का इस्तेमाल आपदा से प्रभावित और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद लोगों की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने राज्यवासियों के साथ-साथ समाज के सक्षम और समृद्ध लोगों से भी राहत कोष में अधिक से अधिक राशि दान करने की अपील की।

सम्राट चौधरी ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों की सहभागिता से राहत और सहायता के काम को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए लोगों से आगे आने की अपील की।

बिहार भाजपा ने दिए 51 लाख रुपये

मुख्यमंत्री के एक महीने का वेतन राहत कोष में देने के बीच राजनीतिक दलों की ओर से भी आर्थिक सहयोग की घोषणाएं की गई हैं। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने 18 सितंबर को पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का चेक सौंपा था।

उन्होंने लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर यह राशि सौंपी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि यह राशि आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता में उपयोगी होगी।

भाजपा के सांसद-विधायक भी देंगे एक महीने का वेतन

बिहार भाजपा की ओर से 51 लाख रुपये देने के साथ ही पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों के एक-एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की गई है। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत कार्यों के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

JDU प्रदेश अध्यक्ष ने भी की वेतन देने की घोषणा

JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी बाढ़ राहत के लिए अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। उन्होंने JDU के सभी विधायकों से भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना एक महीने का वेतन राहत कोष में देने का आग्रह किया है।

चिराग पासवान ने भी किया आर्थिक सहयोग का ऐलान

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी बाढ़ प्रभावित बिहार के लिए पार्टी की ओर से आर्थिक सहयोग की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर सांसद, विधायक और विधान पार्षद अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देगा।

नितिन नवीन ने दान किया तीन महीने का वेतन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने अपने तीन महीने के वेतन की राशि 6.35 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। उन्होंने बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखे जाने की बात कही है।

नितिन नवीन के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाएं और पशु चारे की व्यवस्था की जा रही है। बचाव कार्यों के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

PM Modi के 25 साल पूरे होने पर पटना से वाराणसी रवाना हुई 25 कारों की रैली, CM सम्राट ने दिखाई हरी झंडी

Exit mobile version