पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जन सुराज ने MLC चुनाव के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है और समर्थित उम्मीदवारों के नाम पहले ही तय किए जा चुके हैं। रविवार, 20 सितंबर को सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
अनंत सिंह के समर्थन पर PK ने साफ किया रुख
मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दिए जाने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि अनंत सिंह क्या करेंगे, यह जन सुराज के लिए कोई विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके लिए महत्वपूर्ण यह है कि संबंधित दल किसे अपना उम्मीदवार बनाता है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के अंदरूनी मामलों में जन सुराज की कोई दिलचस्पी नहीं है। अनुज सिंह जन सुराज से जुड़े रहे हैं और पार्टी के उम्मीदवार भी रह चुके हैं।
नितिन नवीन की सैलरी देने पर बोले PK
बिहार में बाढ़ के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में तीन महीने का वेतन यानी 6.35 लाख रुपये देने के फैसले पर भी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी। नितिन नवीन ने 18 सितंबर को यह राशि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए देने की घोषणा की थी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें नितिन नवीन के इस कदम से खुशी है। हालांकि, उन्होंने भाजपा के पार्टी कोष से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल व्यक्तिगत स्तर पर योगदान देने के बजाय पार्टी के पास उपलब्ध संसाधनों से भी राहत कार्यों में सहयोग किया जाना चाहिए।
बाढ़ राहत को लेकर भाजपा पर PK का निशाना
प्रशांत किशोर ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने भी अपील की थी कि जनता के पैसे से चलने वाले राहत कार्यों के जरिए केवल राजनीतिक प्रचार नहीं होना चाहिए। उन्होंने भाजपा के पार्टी कोष से बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता किए जाने की मांग रखी।
बिहार में बाढ़ राहत को लेकर राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर से आर्थिक सहयोग की घोषणाएं लगातार सामने आ रही हैं। भाजपा ने 51 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए हैं, जबकि नितिन नवीन ने तीन महीने का वेतन यानी 6.35 लाख रुपये दान किया है।
