Homeराज्यगयाजी में कल से पितृपक्ष मेला, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन; पिंडदानियों...

गयाजी में कल से पितृपक्ष मेला, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन; पिंडदानियों के लिए खास इंतजाम

पटना/गया : विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गयाजी और पुनपुन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 25 सितंबर से शुरू होने वाला यह मेला 10 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को गयाजी में मेले का उद्घाटन करेंगे। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आवासन, यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता समेत कई स्तरों पर व्यवस्थाएं की हैं।

पिंडदानियों को मिलेगी डिजिटल सुविधा

इस बार पितृपक्ष मेले में पारंपरिक व्यवस्थाओं के साथ डिजिटल सुविधाओं को भी जोड़ा गया है। श्रद्धालुओं के लिए ‘पिंडदान गयाजी’ मोबाइल ऐप और वेबसाइट उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके जरिए श्रद्धालु पिंडदान की वेदियों, धार्मिक अनुष्ठानों, पंडा, आवासन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। मेले में आने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कर यात्रा की योजना बनाने की सुविधा भी दी जा रही है।

ई-पिंडदान और पर्यटन पैकेज की भी सुविधा

पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पिंडदान पैकेज और ई-पिंडदान की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए विशेष पर्यटन पैकेज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

फल्गु नदी के तट पर महाआरती का आयोजन भी प्रस्तावित है।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए 150 निशुल्क ई-रिक्शा

मेले में आने वाले बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 150 निशुल्क ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सूचना केंद्र, हेल्पलाइन और गाइड की व्यवस्था भी की गई है।

पुनपुन में 5 हजार लोगों की क्षमता वाला पंडाल

पुनपुन में भी पिंडदानियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुनपुन घाट पर करीब 5 हजार लोगों की क्षमता वाला पंडाल बनाया गया है। यहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यवस्था रहेगी।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सूचना केंद्र और हेल्पलाइन के साथ यातायात एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

2500 बेड की टेंट सिटी की व्यवस्था

गयाजी में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 2500 बेड की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की जा रही है। इसके अलावा अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र और हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है।

मेले के आयोजन के लिए 2.84 करोड़ रुपये जारी

पितृपक्ष मेले के आयोजन को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 2.84 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार इस राशि का इस्तेमाल मेले के आयोजन से संबंधित कार्यों में किया जाएगा।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है। प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और अन्य कर्मियों की तैनाती की गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है।

25 सितंबर से शुरू होने वाला पितृपक्ष मेला 10 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से पिंडदान एवं धार्मिक अनुष्ठान की सुविधा उपलब्ध कराने पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments