पटना : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पटना पहुंच गए हैं। पटना एयरपोर्ट पर बिहार सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अपने बिहार दौरे के दौरान नितिन गडकरी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
नितिन गडकरी सबसे पहले निवेशक सम्मेलन (इन्वेस्टर मीट) में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर हाईलेवल बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्र और बिहार सरकार की ओर से चल रही सड़क एवं अन्य केंद्रीय परियोजनाओं के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
सड़क परियोजनाओं पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बैठक में बिहार सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने सड़क निर्माण से जुड़े कई प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है। वहीं, भारत सरकार और बिहार सरकार की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति को लेकर प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा।
बैठक में सड़क निर्माण, परियोजनाओं की प्रगति और आगे की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है। बिहार सरकार की ओर से रखे जाने वाले प्रस्तावों पर केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहमति बनाने की दिशा में भी बातचीत हो सकती है।
दोपहर 2:30 बजे दिल्ली रवाना होंगे गडकरी
निवेशक सम्मेलन में शामिल होने और मुख्यमंत्री आवास पर हाईलेवल बैठक में हिस्सा लेने के बाद नितिन गडकरी पटना से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर करीब 2:30 बजे पटना से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
