Train News : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंध में अचानक हुए कटाव ने पूर्वी भारत के रेल परिचालन को प्रभावित कर दिया है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर सकरीगली और महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच तटबंध का एक हिस्सा बह गया। इसके बाद डाउन लाइन की पटरियों पर पानी का दबाव बढ़ गया और ट्रैक की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन तत्काल रोक दिया है। स्थिति को देखते हुए 1 अक्टूबर को चलने वाली 22 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई प्रमुख ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया जा रहा है।
24 घंटे युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य
तटबंध के कटाव की सूचना मिलते ही मालदा मंडल और पूर्व रेलवे की तकनीकी एवं इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंच गई। प्रभावित रेलखंड की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जल्द परिचालन बहाल करने के लिए रेलवे कर्मचारी 24 घंटे मरम्मत कार्य में जुटे हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जब तक ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती और पानी का दबाव कम नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर सामान्य परिचालन शुरू करना संभव नहीं होगा।
1 अक्टूबर को 22 ट्रेनें रद्द
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को साहिबगंज, बरहरवा, मालदा, भागलपुर, रामपुरहाट, राजमहल और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई पैसेंजर, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है।
रद्द ट्रेनों में 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, 13409 मालदा टाउन-किऊल एक्सप्रेस, 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी, 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू, 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस और 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी सहित कुल 22 ट्रेनें शामिल हैं।
इससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और त्योहारी सीजन में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
तेजस राजधानी और ब्रह्मपुत्र मेल का बदला रूट
कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भी डायवर्ट किया गया है। 30 सितंबर को आनंद विहार टर्मिनल से रवाना हुई 20502 आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस और 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार के वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है।
वहीं 1 अक्टूबर को चलने वाली 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट मार्ग से भेजा जा रहा है। 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 03030 नतेश्वर-हावड़ा स्पेशल को किऊल-झाझा-आसनसोल मार्ग से चलाया जा रहा है।
दो ट्रेनों के शुरुआती स्टेशन में बदलाव
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के शुरुआती स्टेशन में भी बदलाव किया है। 1 अक्टूबर की 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर रामपुरहाट के बजाय साहिबगंज से चलेगी। वहीं 53030 भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर का परिचालन भागलपुर के बजाय बरहरवा से शुरू किया जाएगा।
स्टेशनों पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
ट्रेनों के रद्द होने और रूट डायवर्ट किए जाने के बाद भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज और मालदा समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे की ओर से यात्रियों को ट्रेनों के रूट और परिचालन की ताजा जानकारी देने के लिए पूछताछ काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।
रेलवे की प्राथमिकता प्रभावित रेलखंड पर मरम्मत कार्य पूरा कर ट्रैक को सुरक्षित बनाना और साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर सामान्य रेल परिचालन जल्द बहाल करना है।
