हाजीपुर : वैशाली जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शुभांक मिश्रा ने दो थानाध्यक्षों समेत चार पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में एसएसपी कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर योगदान देने और अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार संतोष रजक, जो वर्तमान में अंचल पुलिस निरीक्षक राघोपुर के पद पर तैनात थे, उन्हें महनार थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं चुनाव कोषांग की गोपनीय शाखा में तैनात पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को अंचल पुलिस निरीक्षक राघोपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह प्रभारी अभियोजन कोषांग एवं कोर्ट सुरक्षा के अतिरिक्त प्रभार में तैनात पुलिस निरीक्षक यशोदानंद पांडे को नगर पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं महुआ थाना की अनुसंधान इकाई में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी बबीता को महिला थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महनार थाना में रिक्त था थानाध्यक्ष का पद
महनार थाना में थानाध्यक्ष का पद पिछले दिनों खाली हो गया था। सितंबर में सूखा नशा कारोबारियों से कथित सांठगांठ के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद अब कुमार संतोष रजक को महनार थाने की कमान सौंपी गई है।
महिला थाना को भी मिला नया नेतृत्व
महिला थाना की तत्कालीन थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी को सितंबर में वायरल ऑडियो से जुड़े मामले की जांच के बाद निलंबित किया गया था। जांच में ऑडियो को प्रामाणिक पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई थी। उनके निलंबन के बाद महिला थाना में थानाध्यक्ष का पद रिक्त था। अब कुमारी बबीता को यह जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
वैशाली पुलिस में हुए इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था, अनुसंधान और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों से संबंधित क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।
एसएसपी कार्यालय के आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को बिना विलंब नई जिम्मेदारी संभालनी है। आने वाले दिनों में नई पदस्थापना के बाद जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में इसके प्रभाव को देखा जाएगा।
