पटना : त्योहारों से पहले आम लोगों की रसोई का बजट बढ़ गया है। शहर के किराना बाजार में पिछले एक महीने के दौरान दाल और चावल की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। चावल की कई किस्मों के दाम करीब 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। वहीं उड़द दाल की कीमत 120 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
मध्यम गुणवत्ता वाले चावल की कीमत करीब एक महीने पहले 48 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो से अधिक हो गई है। वहीं बेहतर गुणवत्ता वाले कुछ चावल 130 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक चावल की कीमत उसकी किस्म और गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग है, लेकिन बाजार में ज्यादातर प्रमुख किस्मों के दाम बढ़े हैं।
दालों की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है। अरहर दाल 120 रुपये से बढ़कर करीब 140 रुपये प्रति किलो, जबकि चना दाल और मसूर दाल 80 रुपये से बढ़कर करीब 100 रुपये प्रति किलो हो गई है। सबसे ज्यादा तेजी उड़द दाल में देखने को मिली है, जिसका भाव 120 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। हालांकि मूंग दाल की कीमत फिलहाल करीब 120 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है।
बिहार खुदरा महा विक्रेता संघ के महासचिव रमेश चंद्र तलरेजा के अनुसार, इस समय दालों की खपत का सीजन चल रहा है। उत्पादन कम रहने और आयात महंगा होने के कारण तुवर समेत कई दलहनों की कीमतों में तेजी आई है। कनाडा से चना आयात महंगा होने का असर चना और चना दाल की कीमतों पर भी पड़ा है।
कारोबारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान दालों की मांग और बढ़ सकती है। ऐसे में कीमतों पर दबाव बने रहने की आशंका है। रमेश चंद्र तलरेजा ने सरकार से बफर स्टॉक में उपलब्ध दालों को बाजार में तेजी से उतारने की मांग की है, ताकि आपूर्ति बढ़ाकर कीमतों को नियंत्रित किया जा सके।
