Home राज्य PM मोदी के 25 साल के सेवाकाल में देश और बिहार ने...

PM मोदी के 25 साल के सेवाकाल में देश और बिहार ने छुई विकास की नई ऊंचाइयां: सम्राट चौधरी

0

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल में देश और बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रधानमंत्री को लगातार मिल रहा जनसमर्थन उनके कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण है। मुख्यमंत्री मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के रूप में विकास एवं जनकल्याण को नई गति दी है। लोकतंत्र में जनता का समर्थन सेवा, समर्पण और काम के आधार पर मिलता है। जनता की सेवा का अवसर मिलने पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहिए।

बिहार में 12 लाख पक्के मकान बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता गरीबों को पक्का मकान, राशन, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस वित्तीय वर्ष में राज्य में 12 लाख पक्के मकान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बिहार में करीब 2 करोड़ 32 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 1 करोड़ 93 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सौर ऊर्जा के विस्तार पर भी जोर दे रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कृषि क्षेत्र में ऊर्जा की लागत कम करने के लिए कृषि फीडरों पर सब्सिडी और प्रधानमंत्री कुसुम योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा आधारित बिजली को बढ़ावा दिया जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने हाल में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि गंगा, गंडक और सोन नदियों का जलस्तर बढ़ने से राज्य के कई इलाके प्रभावित हुए। सरकार ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और प्रभावित परिवारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए।

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अनुग्रह अनुदान के माध्यम से सहायता दी गई है। वहीं, फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट सब्सिडी के जरिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 14 अक्टूबर को किसानों को फसल क्षति के लिए कृषि इनपुट सब्सिडी के माध्यम से सहायता दी जाएगी।

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का काम अगले दो से तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य बताया। साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना से राज्य के विकास को गति मिलेगी और लोगों को नई सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए भाजपा की प्रतिबद्धताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बिहार में मां सीता के भव्य मंदिर के निर्माण की पहल का भी जिक्र किया।

गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सेवा संकल्प का उद्देश्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनता की सेवा के माध्यम से ही विश्वास अर्जित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, बिहार राज्य संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान समेत कई गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

मोदी सरकार के मंत्री एल. मुरुगन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ी; जानिए क्या है वजह

Exit mobile version