पटना: बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की लग्जरी कैरावैन आकर्षण का केंद्र बन रही है। इस कैरावैन के जरिए पर्यटक बिहार के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों के साथ दूसरे राज्यों और नेपाल तक की यात्रा कर सकते हैं। खास बात यह है कि पर्यटक अपनी पसंद के अनुसार यात्रा का रूट और गंतव्य तय कर सकते हैं।
75 रुपये प्रति किलोमीटर है किराया
बिहार पर्यटन निगम की लग्जरी कैरावैन की बुकिंग 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से होती है। इसके लिए प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर की बुकिंग अनिवार्य है। इस हिसाब से एक दिन का मूल किराया 18,750 रुपये होता है। इस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देना होगा। टोल टैक्स, पार्किंग, रात्रि ठहराव और अन्य शुल्कों की जानकारी बुकिंग के समय निगम से ली जा सकती है।
राजगीर से नेपाल तक की यात्रा का विकल्प
इस कैरावैन से अब तक राजगीर, नालंदा, पावापुरी, बोधगया, गया, मुंडेश्वरी धाम, कैमूर, वैशाली, बक्सर, आरा, बेतिया और धनबाद समेत कई जगहों की यात्रा की जा चुकी है। इसके अलावा पर्यटक अयोध्या, वाराणसी और नेपाल के काठमांडू तथा पोखरा तक भी सफर कर सकते हैं। परिवार और दोस्तों के समूह के लिए यह निजी यात्रा का एक सुविधाजनक विकल्प है।
आठ सीटें और चार बेड, आधुनिक सुविधाओं से लैस
कैरावैन में आठ लोगों के बैठने और चार लोगों के सोने की व्यवस्था है। इसमें घूमने वाली कुर्सियां, सोफा, रसोई, बाथरूम और टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा बेड के पास व्यक्तिगत स्क्रीन, जनरेटर, कैंपिंग के लिए कैनोपी, सीसीटीवी कैमरे और आपात स्थिति में सहायता के लिए एसओएस बटन भी दिया गया है।
16 हजार रुपये में करें पटना दर्शन
‘कैरावैन पटना दर्शन’ पैकेज के तहत पर्यटक लग्जरी सुविधाओं के साथ पटना के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं। इसमें तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, बिहार संग्रहालय, बापू टावर, गोलघर और सभ्यता द्वार जैसे पर्यटन स्थल शामिल हैं। पर्यटकों के लिए गंगा में स्पीड बोट राइड का विकल्प भी उपलब्ध है। सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की प्रस्तावित यात्रा के लिए पैकेज की कीमत 16 हजार रुपये निर्धारित है।
यहां करें बुकिंग
लग्जरी कैरावैन की बुकिंग के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के सिख हेरिटेज भवन स्थित कार्यालय, दारोगा राय पथ स्थित निगम कार्यालय या कौटिल्य विहार काउंटर से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8544418209 पर संपर्क किया जा सकता है। नेपाल की यात्रा की योजना बनाने वाले पर्यटकों को संबंधित अनुमति और सीमा पार आवागमन की औपचारिकताओं की जानकारी पहले से लेनी चाहिए।
