Home राज्य अगले सत्र से छठी क्लास से कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य करने की तैयारी,...

अगले सत्र से छठी क्लास से कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य करने की तैयारी, पहले शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग

0

पटना: बिहार में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि अगले शैक्षणिक सत्र से छठी और उससे ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे पहले शिक्षकों को कंप्यूटर की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से डिजिटल शिक्षा दे सकें।

शुक्रवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 700 सरस्वती विद्या निकेतन यानी मॉडल स्कूलों में 31 मार्च से पहले स्मार्ट क्लास तैयार किए जाएं। जिन आदर्श विद्यालयों में अब तक चारदीवारी का निर्माण नहीं हुआ है, वहां भी जल्द काम पूरा कराया जाए। उन्होंने केंद्र से मिली राशि का सही इस्तेमाल कर स्कूलों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया।

हर प्रमंडल में बनेगा गुरुकुलम विद्यापीठ

शिक्षा मंत्री ने बिहार में पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए हर प्रमंडल में गुरुकुलम विद्यापीठ की स्थापना की योजना तैयार करने को कहा। इसकी शुरुआत बक्सर से की जा चुकी है। यहां पहले गुरुकुलम की स्थापना पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंत्री ने अधिकारियों को अन्य गुरुकुलम विद्यापीठों की विस्तृत योजना तैयार करने और आगामी बजट में नई योजनाओं को शामिल करने का निर्देश दिया।

संस्कृत विद्यालयों का होगा जीर्णोद्धार

राज्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बंद पड़े राजकीय संस्कृत विद्यालयों को दोबारा शुरू करने की तैयारी है। पहले उन विद्यालयों का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिनके पास अपनी जमीन उपलब्ध है। इसके साथ ही मदरसा बोर्ड के कार्यालय को भी नए भवन में स्थानांतरित करने की योजना है।

पीएमश्री योजना की भी हुई समीक्षा

बैठक में शिक्षा मंत्री ने पीएमश्री योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। विभिन्न जिलों में प्रस्तावित शिक्षा भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

बिहार दिवस पर होगा बड़ा आयोजन

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि इस बार बिहार दिवस पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह पटना के बापू सभागार में आयोजित करने की योजना है। कार्यक्रम में कवि डॉ. कुमार विश्वास को आमंत्रित किया जाएगा। इस बैठक में शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के 9 जिलों के बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलेगा फसल क्षति अनुदान, 25 तक करें आवेदन

Exit mobile version