पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया में गुरुवार की शाम करवा चौथ के दिन हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी विनय कुमार विश्वास उर्फ बबलू (करीब 45) की मौत हो गई।
सदर थाना क्षेत्र के कप्तान पुल पर उनकी फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सौरा नदी में जा गिरी। मृतक डगरुआ प्रखंड के कोचैली गांव के निवासी तथा पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई थे। घटना के बाद पूर्णिया के व्यावसायिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम करीब सात बजे विनय विश्वास स्वयं फॉर्च्यूनर चलाकर अपने पैतृक गांव से पूर्णिया के प्रभात कॉलोनी स्थित आवास लौट रहे थे। इसी दौरान कप्तान पुल पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गयी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव पाराशर, सदर एसडीएम विग्नेश टी. ए., ट्रैफिक डीएसपी तथा सदर थाना पुलिस सहित पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से वाहन को नदी से बाहर निकाला गया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। विनय विश्वास को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
विनय कुमार विश्वास पूर्णिया के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में गिने जाते थे। उनका रेनॉल्ट चारपहिया वाहन शोरूम, महिंद्रा ट्रक शोरूम सहित कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और गोदामों से जुड़ाव था।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी वीडियो संदेश जारी कर विनय विश्वास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात करीब 11 बजे पार्थिव शरीर को पैतृक गांव कोचैली ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक परिवार, बल्कि सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्यों से जुड़े लोगों ने भी अपना एक सक्रिय सहयोगी खो दिया है।
