Home राज्य भागलपुर में अर्णब तूफान का कहर: खेतों में गिरी धान की तैयार...

भागलपुर में अर्णब तूफान का कहर: खेतों में गिरी धान की तैयार फसल, किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी

0

भागलपुर : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर भागलपुर जिले में साफ तौर पर दिखने लगा है।

पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले के विभिन्न प्रखंडों में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।

खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसलें तेज हवा के झोंकों से जमीन पर गिर गई हैं, जिससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। इस साल बेहतर मॉनसून के कारण किसानों को बंपर पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन ऐन वक्त पर आए इस प्राकृतिक संकट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

दरअसल, जिले के अधिकांश हिस्सों में धान की फसल इस समय पूरी तरह तैयार हो चुकी है और कई जगहों पर कटनी की तैयारियां चल रही थीं। बारिश और तेज हवा के कारण फसल के खेतों में सो जाने से बालियों से दाने झड़ने का खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा, खेतों में जलजमाव होने से गिरी हुई फसलों में नमी बढ़ेगी, जिससे अनाज की गुणवत्ता खराब होने और सड़ने की आशंका बढ़ गई है।

सरकार को तुरंत नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देना चाहिए। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि यह मौसम धान की कटाई का है। ऐसे में जिन किसानों ने फसल काट ली है, वे उसे तुरंत सुरक्षित और सूखे स्थानों पर रखें। खुले में रखे अनाज को तिरपाल से ढकें। भंडारण से पहले दानों को अच्छी तरह सुखा लें ताकि नमी के कारण फंगस न लगे।

खेतों में जलजमाव होने पर पानी निकालने का तुरंत प्रबंध करें। चक्रवात के कारण हुए इस औचक नुकसान से परेशान किसान अब सरकार और जिला प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं। किसानों का कहना है कि बीज, खाद और जुताई के लिए उन्होंने बैंकों और सहकारी समितियों से कर्ज लिया था। अगर सरकार ने जल्द ही फसलों के नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता नहीं दी, तो उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, पत्रकारिता से राजनीति और कारोबार तक रहा शानदार सफर

Exit mobile version