Homeराज्यविश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला आयोजन को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला आयोजन को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

सारण : विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेला क्षेत्र एवं वहां तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जेपी सेतु पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। विशेषकर शनिवार एवं रविवार को तीनों पालियों में पर्याप्त बल तैनात रहेगा।

पटना और वैशाली जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त यातायात योजना बनाई जाएगी तथा ट्रैफिक ड्रिल भी कराई जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या वीआईपी मूवमेंट से एक घंटा पूर्व वैकल्पिक यातायात मार्ग लागू करने को कहा गया है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पहलेजा घाट और कालीघाट पर एसडीआरएफ की दो-दो टीमें प्रतिनियुक्ति की जाएंगी।

मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर कार्यपालक पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। मंदिर प्रवेश द्वार से लेकर नखास क्षेत्र तक आकर्षक एलईडी और झालर लाइटें लगाई जाएंगी तथा 6 नवंबर तक सभी खराब स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कर ली जाएंगी।

मेला परिसर में नियमित साफ-सफाई, प्रमुख स्थलों पर पेयजल के लिए स्टैंड पोस्ट और सार्वजनिक शौचालयों के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, ग्रामीण व पथ निर्माण विभागों को मेला क्षेत्र की सभी संपर्क सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त करने को कहा गया है।

मेला अवधि में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 24×7 संचालित होने वाले सात अस्थायी स्वास्थ्य शिविर और नौ स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। पशु मेला बाजार में भी पेयजल, जल निकासी और 24 घंटे पशु चिकित्सा दल मुस्तैद रहेंगे।

इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सोनपुर आइडल और प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। मेले से संबंधित सभी संयुक्त आदेशों और महत्वपूर्ण सूचनाओं के प्रसार के लिए मेला दर्पण की शुरुआत की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम अनुभव दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments