Home राज्य राज्य स्तरीय बालिका बास्केटबॉल में मगध प्रमंडल का दबदबा, अंडर-14 और अंडर-17...

राज्य स्तरीय बालिका बास्केटबॉल में मगध प्रमंडल का दबदबा, अंडर-14 और अंडर-17 का खिताब जीता; अंडर-19 में पटना बना चैंपियन

0
11

पटना : राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। मगध की टीम ने अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-19 आयु वर्ग में पटना प्रमंडल की टीम चैंपियन बनी। पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित इंडोर हॉल में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुक्रवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ।

खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, पटना की मेजबानी में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें विभिन्न प्रमंडलों की बालिका टीमों ने हिस्सा लिया।

अंडर-14 में मगध ने पटना को दी शिकस्त

बालिका अंडर-14 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में मगध प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को कड़े संघर्ष में 29-25 अंकों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मगध की डौली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 16 अंक बनाए, जबकि पटना की तनवी ने 10 अंक हासिल किए। तीसरे स्थान के मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 16-02 अंकों से हराया।

अंडर-17 में भी मगध का जलवा

अंडर-17 आयु वर्ग के फाइनल में भी मगध प्रमंडल ने अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने पटना प्रमंडल को 35-26 अंकों से पराजित कर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया। मगध की अवंतिका ने 14 अंक बनाए, जबकि पटना की अनुषका ने अपनी टीम के लिए 8 अंक जुटाए। इस वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में भागलपुर प्रमंडल ने दरभंगा को 14-02 अंकों से हराया।

अंडर-19 में पटना प्रमंडल बना विजेता

बालिका अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल में पटना प्रमंडल ने शानदार खेल दिखाते हुए मगध प्रमंडल को 40-16 अंकों के बड़े अंतर से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पटना की जुडिथ ने 16 अंक बनाए, जबकि मगध की श्रेया ने 8 अंक जुटाए। इस वर्ग में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा को 18-04 अंकों से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक रविन्द्र नाथ चौधरी, उपनिदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, प्रभारी पदाधिकारी चंदन कुमार सिंह एवं जिला खेल पदाधिकारी पटना जयनारायण कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने किया, जबकि मंच संचालन वरिष्ठ एनआईएस प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने किया। इस अवसर पर चंदन कुमार सिंह के साथ प्रतियोगिता के निर्णायकों अभिजित यादव, त्रिलोकी पाठक, राजीव कुमार बाबला, अनिल कुमार, दीपक कुमार, योगेश कुमार, प्रिंस कुमार, अमरदीप कुमार, विवेक कुमार, रौनित कुमार, अभिषेक कुमार, सूरज कुमार, सुधांशु रंजन, रोहित राज एवं रोहित कुमार को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में श्रीमती कल्याणी देवी, श्रीमती रागिनी रानी सहित विभिन्न प्रमंडलों के प्रशिक्षक और टीम प्रभारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने राज्य में बालिका बास्केटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता और खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का शाही तिलक समारोह, पूर्व विधायक नीलम देवी ने चुमाया तिलक; 500 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ दानापुर रवाना हुए ‘छोटे सरकार’ राज्य

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का शाही तिलक समारोह, पूर्व विधायक नीलम देवी ने चुमाया तिलक; 500 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ दानापुर रवाना हुए ‘छोटे सरकार’