Home राज्य पटना में रेलकर्मी के बंद क्वार्टर में 35 लाख के गहने और...

पटना में रेलकर्मी के बंद क्वार्टर में 35 लाख के गहने और डेढ़ लाख कैश की चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे थे जेवरात

0
202

पटना: राजधानी पटना में चोरों ने एक रेलकर्मी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खगौल थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर से अज्ञात चोर करीब 35 लाख रुपये के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, रेलवे में चीफ कंट्रोलर के पद पर कार्यरत अविनाश कुमार गुप्ता ने फोन के माध्यम से स्थानीय थाने को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके सेवानिवृत्त रेलकर्मी भाई दीप कुमार गुप्ता और परिवार के अन्य सदस्य 19 नवंबर को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता गए थे।

परिवार के जाने से पहले क्वार्टर में ताला बंद कर दिया गया था। इसकी चाबी पड़ोसी के पास रखी गई थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी, बक्से समेत अन्य जगहों पर रखे कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली।

शनिवार की सुबह पड़ोसी की नजर क्वार्टर के टूटे हुए ताले पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत अविनाश कुमार गुप्ता को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल पर पहुंचे रिश्तेदार राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दीप कुमार गुप्ता ने अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक से पैसे निकालकर घर में रखे थे। शादी के लिए खरीदे गए जेवरात भी क्वार्टर में मौजूद थे। चोर इन गहनों और नकदी को लेकर फरार हो गए।

अविनाश कुमार गुप्ता के मुताबिक, उनका परिवार कोलकाता से वापस लौट रहा है। परिवार के क्वार्टर पहुंचने और सामान की जांच करने के बाद ही चोरी हुए गहनों और अन्य सामान का सही आकलन हो सकेगा।

वहीं, खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। हालांकि, अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। परिवार के लौटने के बाद नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी राज्य

गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी