Home राज्य गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20...

गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी

0
318

पटना सिटी : सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व बिहार में इस बार बेहद भव्य और ऐतिहासिक तरीके से मनाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 21 नवंबर को अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर आयोजन को यादगार बनाने का निर्देश दिया।

9 से 16 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उनके ठहरने के लिए 20 हजार लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी बनाई जाएगी। वहीं, गंगा किनारे 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला भव्य दीवान हॉल तैयार किया जाएगा। यहां लंगर और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था होगी।

इस बार प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन **’बिहार है तैयार, जी आयां नूं’** रखा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं को रेलवे, हवाई जहाज और बसों के माध्यम से नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार और दूसरे राज्यों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।

प्रकाश पर्व के दौरान कई खास आकर्षण देखने को मिलेंगे। 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर एक हजार ड्रोन की मदद से भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी की जाएगी। इसके अलावा सिख इतिहास पर आधारित फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, रोशनी और आवास की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। राज्य सरकार उनके 360वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाकर इसे यादगार बनाना चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार के 13 जिलों में बनेंगे हेलीपोर्ट, दिसंबर में केंद्र और राज्य सरकार के बीच होगा समझौता राज्य

बिहार के 13 जिलों में बनेंगे हेलीपोर्ट, दिसंबर में केंद्र और राज्य सरकार के बीच होगा समझौता