Home राज्य बिहार की सियासत में MLC सदस्यता पर संग्राम, प्रशांत किशोर और तेजस्वी...

बिहार की सियासत में MLC सदस्यता पर संग्राम, प्रशांत किशोर और तेजस्वी ने ठोका कानूनी लड़ाई का दावा

0
307

पटना : बिहार विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण के साथ ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में सभी आठ MLC ने पद और गोपनीयता की शपथ ली, तो दूसरी तरफ दो निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने साफ कर दिया है कि इस मामले में उनकी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।

दरअसल, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने मंत्री रामकृपाल यादव को उनकी कुर्सी से उठाकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लिए बैठने की व्यवस्था कराई। इस दौरान राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम की खूब चर्चा हुई। लेकिन समारोह खत्म होते ही दो निर्दलीय MLC की सदस्यता का मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया।

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने सबसे पहले सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई थी। इसको लेकर विधान परिषद के सभापति को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया गया था।

प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए जानकारी मिली है कि सभापति ने उनकी मांग खारिज कर दी है। अब पार्टी इस फैसले की समीक्षा करेगी और कानूनी सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करेगी। जरूरत पड़ने पर जन सुराज कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगा।

उन्होंने साफ कहा कि दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ लेना उनका अधिकार है, लेकिन शपथ लेने से उनकी सदस्यता पर उठे सवाल खत्म नहीं हो जाते। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि विवाद सामने आने के बाद 24 घंटे के भीतर सरकार और बीजेपी से जुड़े लोगों के रुख में बदलाव देखने को मिला। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की भी समीक्षा करने की बात कही।

तेजस्वी भी जाएंगे हाईकोर्ट

उधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दोनों निर्दलीय MLC की सदस्यता को लेकर अपना विरोध जारी रखने का ऐलान किया। तेजस्वी ने कहा कि उनकी पार्टी की आपत्ति पहले भी थी और आज भी कायम है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पार्टी के नेता और वकील लगातार बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही वकीलों के साथ विधान परिषद के सभापति के पास दोबारा शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इसके बाद पटना हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।

तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द कराने के लिए आरजेडी कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। हालांकि, उन्होंने शपथ लेने वाले सभी नए विधान पार्षदों को शुभकामनाएं भी दीं।

कुल मिलाकर, बिहार विधान परिषद में आठ MLC के शपथ ग्रहण के बाद अब सियासी लड़ाई सदन से निकलकर अदालत तक पहुंचने के आसार हैं। प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव के कानूनी चुनौती देने के ऐलान के बाद सबकी नजर अब सभापति के फैसले और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
पटना पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, SSP कार्तिकेय शर्मा ने 114 पुलिस पदाधिकारियों का किया तबादला राज्य

पटना पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, SSP कार्तिकेय शर्मा ने 114 पुलिस पदाधिकारियों का किया तबादला