Home राज्य जेडीयू के दीपोत्सव पर तेजस्वी का तंज, बोले- 20 साल के सुशासन...

जेडीयू के दीपोत्सव पर तेजस्वी का तंज, बोले- 20 साल के सुशासन में बिहार हर मोर्चे पर फिसड्डी क्यों?

0
339

पटना : नीतीश कुमार के सुशासन के 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जेडीयू की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार शाम पार्टी की तरफ से दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अब इस कार्यक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जेडीयू पर तंज कसा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के मौजूदा हालात पर सरकार बात करने को तैयार नहीं है। राज्य में अपराध, अफसरशाही और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। ब्लॉक, थाना से लेकर हेडक्वार्टर तक भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नीतीश कुमार पिछले 20 साल से मुख्यमंत्री रहे हैं और सरकार सुशासन के दावे करती है, तो बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में पीछे क्यों है?

तेजस्वी ने दावा किया कि लालू प्रसाद के मुख्यमंत्री रहने के दौरान बिहार की प्रति व्यक्ति आय ठीक-ठाक थी, जबकि नीतीश कुमार के 20 साल के शासन के बाद इसमें गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि बिहार लगातार अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर चर्चा में रहा है। अफसरशाही चरम पर है और जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है। महिलाओं और बच्चियों के साथ भी घटनाएं हो रही हैं।

जेडीयू के दीपोत्सव कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि पार्टी में सिर्फ दिखावे के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने जेडीयू के अंदरूनी हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी दो हिस्सों में बंट गई है और शायद इसी खुशी में दीप जलाए जा रहे हैं।

तेजस्वी ने पुल के नामकरण और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल का नाम होना था, लेकिन उसे बदल दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री को उद्घाटन के मौके पर न मंच पर बुलाया गया और न ही उचित सम्मान दिया गया। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जेडीयू के लोग शायद इसी राजनीति का जश्न मना रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जेडीयू के नेता अपने लिए दीये जलाएंगे, लेकिन बिहार की जनता उनके साथ दीपोत्सव मनाने नहीं जा रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बिहार यात्रा पर निकलने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार ने एक साल में कौन-सा काम किया है, जिसकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खजाने में पैसा नहीं है और बिहार यात्रा के नाम पर ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए वसूली की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में मौसम रहेगा शुष्क, सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर; रात में बढ़ेगी ठंड, तापमान में गिरावट के संकेत राज्य

बिहार में मौसम रहेगा शुष्क, सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर; रात में बढ़ेगी ठंड, तापमान में गिरावट के संकेत