पटना: जदयू कार्यालय में मंगलवार को उस समय दिलचस्प स्थिति देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को खोजने लगे। लेकिन जब उमेश कुशवाहा वहां नजर नहीं आए तो उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय झा और संजय गांधी से उनके बारे में सवाल करना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंच पर पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा के बारे में पूछा कि वे कहां हैं? क्या आज भी नहीं आए हैं? कहां गए हैं और क्या कर रहे हैं? नीतीश कुमार के लगातार सवालों पर संजय झा और संजय गांधी ने उन्हें बताया कि उमेश कुशवाहा का कार्यक्रम दूसरे जिले में निर्धारित किया गया है और वे फिलहाल वहीं मौजूद हैं।
यह सुनने के बाद नीतीश कुमार ने नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल किया कि ऐसा होता है क्या? प्रदेश कार्यालय में तो उन्हें रहना चाहिए था। उनके इस सवाल से वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हलचल देखने को मिली।
खास बात यह रही कि नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बावजूद मंच से कोई संबोधन किए बिना ही आगे बढ़ गए। इसके बाद जब वे अपनी गाड़ी में बैठने पहुंचे, तब भी उमेश कुशवाहा को लेकर पूछताछ करते नजर आए।
जदयू कार्यालय में नीतीश कुमार का प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को इस तरह तलाशना और उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।




Users Today : 265
Who's Online : 0