Home राज्य बिहार गति के तहत सीएम सम्राट चौधरी की समीक्षा बैठक, मार्च 2027...

बिहार गति के तहत सीएम सम्राट चौधरी की समीक्षा बैठक, मार्च 2027 तक विश्वविद्यालयों के निर्माण कार्य पूरे करने का निर्देश

0
239

पटना : बिहार में उच्च शिक्षा और कृषि क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। लोकसेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित इस बैठक में ‘बिहार गति’ के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तीनों विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवनों समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए।

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और राष्ट्रीय उच्च पथ से संपर्क पथ के निर्माण की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से बातचीत कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही विश्वविद्यालय के छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीएड कॉलेजों में डिग्री कॉलेज शुरू करने के लिए भी जल्द आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में कृषि विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं तय करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से ऐसी योजनाएं तैयार करने को कहा, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिल सके।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य बिहार के कृषि उत्पादों को देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंचाना है। बेहतर परिवहन व्यवस्था और बाजार उपलब्धता से किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए नए अवसर मिल सकेंगे।

शिक्षा और कृषि विकास को बताया प्रगति का आधार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और कृषि क्षेत्र का विकास बिहार की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों और किसानों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में टेका माथा देश

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में टेका माथा