डेस्क : सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया और समस्त मानव समाज के कल्याण एवं सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने गुरु नानक देव जी के जीवन, विचारों और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को मानवता के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब द्वारा दिया गया संदेश आज भी समाज को एकता, प्रेम और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश सदैव मानवता का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उन्होंने वाहेगुरु जी के चरणों में ‘सरबत दा भला’ यानी सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज में जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध किया था। उन्होंने मानव सेवा, ईमानदारी, परिश्रम और जरूरतमंदों की सहायता को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उनके विचार आज भी देश-दुनिया में करोड़ों लोगों को प्रेरित करते हैं।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाता है। इस पावन मौके पर नितिन नवीन ने सभी लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए संदेश दिया कि गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह!




Users Today : 262
Who's Online : 3