मुजफ्फरपुर : दीपावली से पहले बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में खड़े एक पंजाब नंबर के ट्रक से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पंजाब नंबर का एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड होने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार ने एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से शराब लेकर पहुंचा था मुजफ्फरपुर
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह शराब की खेप पंजाब से लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था। यहां से शराब को अलग-अलग स्थानों पर उतारने की योजना थी। हालांकि, शराब की खेप ठिकाने तक पहुंचने से पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया।
स्थानीय शराब तस्करों की तलाश में जुटी टीम
उत्पाद विभाग अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर स्थानीय शराब तस्करों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप किसके लिए मंगाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था।
क्या कहते हैं उत्पाद निरीक्षक?
मामले में उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पंजाब नंबर के एक ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है। फिलहाल बरामद शराब का मिलान कराया जा रहा है। मौके से चालक को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ कर स्थानीय शराब तस्करों की पहचान की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
