पटना: छठ महापर्व से पहले बिहार के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्य के 1 करोड़ 9 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान कुल 1205 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि जारी की। इस योजना के तहत राज्य के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता दी जाती है। पेंशन की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है।
बता दें कि बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बड़ी बढ़ोतरी की है। पहले लाभार्थियों को हर महीने 400 रुपये पेंशन मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। इससे राज्य के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जाए, जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके लिए विशेष अभियान चलाने और नए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया है। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के सभी जरूरतमंद लोगों तक पेंशन का लाभ पहुंचे।
छठ महापर्व से पहले पेंशन की राशि मिलने से लाभार्थियों को त्योहार की तैयारियों और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी। वहीं, नए पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के निर्देश के बाद सामाजिक सुरक्षा पेंशन का दायरा और बढ़ सकता है।




Users Today : 286
Who's Online : 5