पटना: बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर अब एक नई पहल शुरू होने जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के हर घर को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी। लेकिन अब इस योजना पर होने वाले खर्च को देखते हुए सम्राट सरकार संपन्न परिवारों से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील करने जा रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही आयकर देने वाले लोगों से अपील कर चुके हैं कि वे अपनी इच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ दें। उन्होंने इस अपील की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील से की थी, जिसमें संपन्न लोगों से एलपीजी सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार 1 दिसंबर से इस अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत बिजली कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर SMS भेजा जाएगा। इस मैसेज में मुफ्त बिजली योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील की जाएगी।
इसके लिए ऊर्जा विभाग की ओर से एक नया पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। उपभोक्ताओं को SMS के जरिए पोर्टल का लिंक भेजा जाएगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद उपभोक्ता पोर्टल पर जाकर मुफ्त बिजली योजना से बाहर निकलने का विकल्प चुन सकेंगे।
सरकार का मुख्य फोकस वैसे परिवारों पर है, जो आर्थिक रूप से संपन्न हैं और बिजली बिल का भुगतान करने में सक्षम हैं। सरकार चाहती है कि ऐसे परिवार अपनी इच्छा से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ दें, ताकि इस योजना का फायदा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार, बिहार सरकार बिजली सब्सिडी पर बड़ी राशि खर्च कर रही है। राज्य में करीब 1.92 करोड़ बिजली उपभोक्ता परिवार हैं। ऐसे में सरकार अब लोगों को स्वेच्छा से मुफ्त बिजली छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने की तैयारी में है।
फिलहाल यह अभियान स्वैच्छिक रहेगा। यानी उपभोक्ता अपनी इच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ सकेंगे। 1 दिसंबर से शुरू होने वाले इस अभियान पर सभी की नजरें रहेंगी कि कितने संपन्न परिवार सरकार की इस अपील को स्वीकार करते हैं।




Users Today : 282
Who's Online : 6