समस्तीपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह वैशाली जिले के बिदुपुर में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बिहार को कई विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर एनडीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समस्तीपुर में एनडीए के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
समस्तीपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उजियारपुर सांसद नित्यानंद राय ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल कराएं। समस्तीपुर जिले से 50 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में लगातार विकास के काम हो रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से राज्य को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी गई है। 23 नवंबर को भी प्रधानमंत्री बिहार को कई नई योजनाओं की सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की बिहार पर हमेशा विशेष कृपा रही है और आने वाले समय में भी राज्य में विकास की रफ्तार जारी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने छठ महापर्व के दौरान बिहार आने वाले लोगों की सुविधा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोगों को घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे की ओर से बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान वैशाली में छठ का प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं में तैयारी तेज हो गई है। बैठक में सभी सहयोगी दलों को कार्यक्रम की सफलता के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया। अब सभी की नजर 23 नवंबर को होने वाले प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर टिकी है।




Users Today : 145
Who's Online : 1