पटना : बिहार की राजधानी पटना ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना नगर निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पटना नगर निगम की टीम को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि के साथ ही पटना ने लगातार तीन स्वच्छता सर्वेक्षणों में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, विभाग के सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पुरस्कार प्राप्त किया।
इस मौके पर पटना नगर निगम की टीम ने अपने दो सफाई कर्मियों अमरजीत मांझी और रॉकी पासवान को भी साथ रखा। दोनों सफाईकर्मी क्रमशः नूतन राजधानी और अजीमाबाद अंचल में कार्यरत हैं। इनके साथ पुरस्कार ग्रहण करना सफाई कर्मियों के योगदान और मेहनत को सम्मान देने का प्रतीक रहा।
पटना नगर निगम को यह सम्मान डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, पुराने कचरे यानी लीगेसी वेस्ट के निस्तारण, जन शिकायतों के त्वरित समाधान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार के लिए मिला है। इसके अलावा स्वच्छता अभियान में शहर के लोगों की बढ़ती भागीदारी भी इस उपलब्धि का अहम हिस्सा रही है।
महापौर सीता साहू ने इस सम्मान को पूरे पटना शहर और यहां के नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए नगर निगम की टीम लगातार काम कर रही है। वहीं, उप महापौर रेशमी कुमारी ने सफाई कर्मियों और शहरवासियों के सहयोग को इस सफलता का आधार बताया।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि आने वाले समय में पटना क्लस्टर में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना पर काम किया जाएगा। इसके साथ ही मोबाइल कोर्ट जैसी पहल भी की जाएगी।
पटना नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में बिहार में पहला स्थान हासिल किया था। इसके साथ वाटर प्लस सर्टिफिकेट और 1-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग भी मिली थी। वर्ष 2024 में नगर निगम को 3-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग और ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार मिला। वहीं, 2025-26 में ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का सम्मान मिला है।
इस उपलब्धि से पटना नगर निगम को शहर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिली है। अब आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही है।




Users Today : 143
Who's Online : 0