पटना : बिहार में NEET UG परीक्षा में धांधली और फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में हेराफेरी करने वाले आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वह वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के कटरा गांव का रहने वाला है। आर्थिक अपराध इकाई ने 19 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में संतोष ने परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के लिए बायोमेट्रिक डाटा में हेराफेरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से 20 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस पूरे मामले में मूल परीक्षार्थियों की जगह दूसरे अभ्यर्थियों यानी स्कॉलर्स को परीक्षा में बैठाया जाता था। इसके लिए प्रति अभ्यर्थी 12 लाख से 30 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। गिरोह के सदस्य आधार बायोमेट्रिक डाटा में बदलाव और फोटो मिक्सिंग के जरिए सत्यापन प्रक्रिया को चकमा देते थे।
आधार बायोमेट्रिक में हेराफेरी कर बैठाए जाते थे स्कॉलर
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन भरने के दौरान ही मूल अभ्यर्थी और स्कॉलर के बीच सेटिंग कर लेते थे। इसके बाद UIDAI के कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की मदद से मूल अभ्यर्थी के बायोमेट्रिक की जगह फर्जी परीक्षार्थी का बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाता था। साथ ही दोनों की तस्वीरों की मिक्सिंग भी की जाती थी, ताकि परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फर्जी अभ्यर्थी की पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दिन फिंगरप्रिंट वेरिफिकेशन के दौरान भी हेराफेरी की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा समेत कई जिलों के बायोमेट्रिक वेंडरों की संलिप्तता सामने आई है। संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जांच की जा रही है।
डॉक्टर रविशंकर की पूछताछ में खुला राज
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, पावापुरी के डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट से पूछताछ के दौरान बायोमेट्रिक कर्मी संतोष कुमार की भूमिका सामने आई थी। आरोपी डॉक्टर ने बताया था कि संतोष कुमार और अन्य लोगों की मदद से मूल परीक्षार्थियों की जगह फर्जी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल कराया जाता था।
इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने संतोष की तलाश शुरू की और 19 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में संतोष ने राहुल राज, रवि उर्फ रविशंकर सम्राट और अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी परीक्षार्थियों का डाटा मैच कराने तथा परीक्षा के दिन फिंगर वेरिफिकेशन में हेराफेरी करने की बात स्वीकार की।
NEET काउंसिलिंग में फर्जी प्रमाणपत्र का भी खेल
जांच में NEET काउंसिलिंग के दौरान भी अनियमितताओं का पता चला है। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा अभ्यर्थियों का नामांकन कराने के लिए फर्जी आय प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र तैयार करवाए जा रहे थे। इस नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं तीन आरोपी
इस मामले में डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। आर्थिक अपराध इकाई ने इस मामले में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 18/2026, दिनांक 12 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया था।
दरअसल, 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा में धांधली को लेकर नालंदा जिले के गिरियक (पावापुरी) थाने में कांड संख्या 217/26 दर्ज किया गया था। वहीं, 21 जून 2026 को आयोजित RE-NEET UG परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर लखीसराय जिले के कवैया थाने में कांड संख्या 244/26 और 245/26 तथा किउल थाने में कांड संख्या 64/26 दर्ज किए गए थे। शुरुआत में इन मामलों की जांच नालंदा और लखीसराय जिला पुलिस कर रही थी। बाद में मामलों की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच आर्थिक अपराध इकाई को सौंप दी गई।
आर्थिक अपराध इकाई अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों, बायोमेट्रिक वेंडरों और फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने वालों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि परीक्षा में धांधली और फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Users Today : 466
Who's Online : 1