Home राज्य IIM बोधगया के विस्तार पर खर्च होंगे 450 करोड़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री...

IIM बोधगया के विस्तार पर खर्च होंगे 450 करोड़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दूसरे चरण के कैंपस की रखी आधारशिला

0
230
बोधगया : बिहार में उच्च शिक्षा और मैनेजमेंट की पढ़ाई को नई ऊंचाई देने की दिशा में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रविवार को संस्थान के दूसरे चरण के कैंपस विस्तार और 1.5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पार्क की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने विधिवत भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत बोधगया स्थित स्थायी कैंपस का विस्तार करने के साथ पटना के बिहटा में नया सैटेलाइट कैंपस विकसित किया जाएगा। बिहटा कैंपस मुख्य संस्थान से करीब 136 किलोमीटर दूर होगा।

बोधगया कैंपस में बनेगा आधुनिक हॉस्टल और स्पोर्ट्स जोन

परियोजना के तहत बोधगया कैंपस में कई आधुनिक शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां ‘संघ’ नाम से नया एकेडमिक ब्लॉक बनाया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक लेक्चर हॉल होंगे। वहीं, ‘नमो निलय’ नाम से बहुमंजिला हॉस्टल परिसर तैयार किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों के लिए कुल 2104 बेड की व्यवस्था होगी।

इसके अलावा ‘उत्कर्ष’ नाम से स्पोर्ट्स और वेलनेस जोन विकसित किया जाएगा। इसमें विभिन्न खेलों के कोर्ट, आउटडोर फिटनेस एरिया, वॉकिंग पाथ और बैठने की आधुनिक व्यवस्था होगी। इन सुविधाओं के संचालन के लिए अलग सर्विसेज ब्लॉक भी बनाया जाएगा।

बिहटा में बनेगा ‘सृजन’ एकेडमिक ब्लॉक

पटना के बिहटा में विकसित होने वाले सैटेलाइट कैंपस में ‘सृजन’ नाम से एकेडमिक ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। गुंबदाकार डिजाइन वाली यह इमारत कैंपस की प्रमुख पहचान होगी। इस परियोजना से बिहार में प्रबंधन शिक्षा के विस्तार के साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

एनआईआरएफ रैंकिंग में 31वें स्थान पर पहुंचा IIM बोधगया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक दशक से कुछ अधिक समय में IIM बोधगया ने एनआईआरएफ 2025 की मैनेजमेंट रैंकिंग में 31वां और देश के आईआईएम संस्थानों में 16वां स्थान हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि संस्थान ने मैनेजमेंट शिक्षा को आगे बढ़ाने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके साथ ही 7,000 से अधिक छोटे उद्यमियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम भी सराहनीय है। इससे जमीनी स्तर पर आर्थिक विकास को मजबूती मिल रही है।

30 विद्यार्थियों से शुरू हुआ सफर, अब संख्या 1600 के करीब

संस्थान की निदेशक प्रो. विनिता एस सहाय ने बताया कि वर्ष 2015 में महज 30 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ IIM बोधगया आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में यहां विद्यार्थियों की संख्या करीब 1600 तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि बोधगया और नालंदा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत संस्थान के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संस्थान का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण मैनेजमेंट शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देना और नालंदा की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना है।

बदलते दौर में कौशल और सीखने की क्षमता जरूरी

कार्यक्रम में रिलायंस रिटेल के सीईओ और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य दामोदर मॉल ने कैंपस में विकसित सुविधाओं की सराहना की। वहीं, एनआईएसएम मुंबई के पूर्व निदेशक संदीप घोष ने कहा कि आज कंपनियां नियुक्ति के दौरान केवल शैक्षणिक योग्यता नहीं देखतीं, बल्कि उम्मीदवारों के व्यवहार, सीखने की इच्छा और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता को भी महत्व देती हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत और पौधारोपण से हुई। विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया, जिसके बीच केंद्रीय मंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर भूमि पूजन किया। 450 करोड़ रुपये की यह परियोजना IIM बोधगया के शैक्षणिक विस्तार के साथ बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर मैनेजमेंट शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों से नहीं रहेंगे पीछे, 12वीं तक कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य : शिक्षा मंत्री राज्य

सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों से नहीं रहेंगे पीछे, 12वीं तक कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य : शिक्षा मंत्री