Home राज्य बिहार में अब बेकार नहीं जाएगा रोजाना निकलने वाला गंदा पानी, जेपी...

बिहार में अब बेकार नहीं जाएगा रोजाना निकलने वाला गंदा पानी, जेपी गंगा पथ से बरौनी रिफाइनरी तक होगी सप्लाई

0
248
पटना : बिहार में शहरी इलाकों से रोजाना निकलने वाले गंदे पानी का अब इस्तेमाल किया जाएगा। राज्य सरकार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से साफ होने वाले पानी को संसाधन के रूप में उपयोग करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत साफ पानी की आपूर्ति जेपी गंगा पथ, पाटलिपुत्र स्थित एआई डेटा सेंटर, बाढ़ एनटीपीसी और बरौनी रिफाइनरी तक की जाएगी। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) ने इसके लिए योजना तैयार की है। इस पहल से एक तरफ भूजल पर निर्भरता कम होगी, वहीं दूसरी तरफ एसटीपी के संचालन और रखरखाव के लिए राजस्व भी जुटाया जा सकेगा।

बिहार में रोज निकल रहा 2276 एमएलडी गंदा पानी

राज्य के शहरी इलाकों से प्रतिदिन करीब 2276 एमएलडी यानी 227.6 करोड़ लीटर गंदा पानी निकलता है। इसका बड़ा हिस्सा अब तक बिना उपयोग के नदी-नालों में बह जाता है। दूसरी ओर, लगातार भूजल दोहन के कारण जलस्तर पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सीवेज के पानी को ट्रीटमेंट के बाद दोबारा इस्तेमाल करने की योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चार बड़े प्रोजेक्ट्स को मिलेगी साफ पानी की सप्लाई

बुडको ने एसटीपी से साफ पानी की आपूर्ति के लिए चार प्रमुख परियोजनाओं का चयन किया है। इनमें पटना का जेपी गंगा पथ, पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एआई डेटा सेंटर, बाढ़ एनटीपीसी पावर प्लांट और बेगूसराय की बरौनी रिफाइनरी शामिल हैं। इन परियोजनाओं में साफ पानी का इस्तेमाल निर्माण कार्य, औद्योगिक गतिविधियों, मशीनों की कूलिंग और प्रोसेसिंग जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।

दीघा से गायघाट के बीच बनेंगे तीन नए एसटीपी

पटना में सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए दीघा से गायघाट के बीच तीन नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का प्रस्ताव नमामि गंगे परियोजना को भेजा गया है। इन प्लांटों के माध्यम से 31 नालों को टैप करने की योजना है। इससे शहर का गंदा पानी सीधे गंगा में जाने से रोका जा सकेगा।

फिलहाल दीघा में 100 एमएलडी क्षमता का एसटीपी संचालित है, जहां 60 एमएलडी से अधिक पानी का शोधन हो रहा है। वहीं, दानापुर में 25 एमएलडी क्षमता का एसटीपी है। इन प्लांटों से जेपी गंगा पथ और एआई डेटा सेंटर को साफ पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करना आसान हो सकता है।

राज्य में 22 एसटीपी का काम पूरा, 16 चालू

बिहार में अब तक 22 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण पूरा हो चुका है। इनकी कुल क्षमता 570 एमएलडी है। इनमें 364 एमएलडी क्षमता वाले 16 प्लांट चालू हैं, जिनसे प्रतिदिन 230 एमएलडी से अधिक पानी साफ किया जा रहा है।

ये एसटीपी बेऊर, बाढ़, मनेर, सैदपुर, करमलीचक, पहाड़ी, सोनपुर, छपरा, सुल्तानगंज, मुंगेर, फतुहा, दानापुर, फुलवारीशरीफ, मोकामा, कहलगांव और बख्तियारपुर में संचालित हैं।

इसके अलावा 212 एमएलडी क्षमता वाले चार एसटीपी दीघा, कंकड़बाग, बेगूसराय और भागलपुर में ट्रायल रन पर हैं।

खेती से लेकर पार्कों की सिंचाई तक होगा इस्तेमाल

एसटीपी से साफ किए गए पानी का इस्तेमाल केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे सरकारी और निजी निर्माण कार्यों, पार्कों की सिंचाई, सड़कों की धुलाई और आग बुझाने में भी उपयोग करने की योजना है। इसके अलावा शहरों के बाहरी इलाकों में खेती-बाड़ी और सूखते तालाबों एवं जलाशयों को भरने में भी इस पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

823.1 एमएलडी क्षमता की 19 नई परियोजनाओं पर काम

राज्य में सीवेज ट्रीटमेंट की क्षमता बढ़ाने के लिए 823.1 एमएलडी क्षमता की 19 नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें कुछ परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जबकि कुछ टेंडर प्रक्रिया और डीपीआर तैयार करने के चरण में हैं।

  • दिसंबर 2026 तक: हाजीपुर, डेहरी, सुपौल और जमुई में 68.1 एमएलडी क्षमता की चार परियोजनाएं पूरी करने का लक्ष्य है।

  • अगले दो वर्षों में: मोतिहारी, रक्सौल, बरहिया और दाउदनगर में 51.5 एमएलडी क्षमता की चार परियोजनाएं पूरी करने की योजना है।

  • टेंडर प्रक्रिया में: लखीसराय, बक्सर, कटिहार, आरा और मुजफ्फरपुर की 190.5 एमएलडी क्षमता वाली पांच परियोजनाएं हैं।

  • डीपीआर तैयार हो रही: पटना, बरौनी, खगड़िया, जमालपुर और समस्तीपुर की कुल 507 एमएलडी क्षमता वाली पांच परियोजनाएं शामिल हैं।

भूजल संरक्षण के साथ राजस्व बढ़ाने की तैयारी

बुडको की इस पहल से बिहार में पानी के पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उद्योगों और निर्माण कार्यों में साफ किए गए सीवेज के पानी का इस्तेमाल होने से भूजल की खपत कम होगी। वहीं, एसटीपी से साफ पानी की आपूर्ति के बदले मिलने वाले राजस्व से इन प्लांटों के संचालन और रखरखाव में आर्थिक मदद मिलेगी। इससे बिहार में सीवेज प्रबंधन और जल संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
PMCH में जनवरी 2027 से शुरू होगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिसंबर में चालू होंगे मल्टीलेवल पार्किंग के दो नए फेज राज्य

PMCH में जनवरी 2027 से शुरू होगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिसंबर में चालू होंगे मल्टीलेवल पार्किंग के दो नए फेज