जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की हुई थी मौत
यह मामला अप्रैल 2023 का है। पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। इस घटना में कुल 22 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस ने 15 से 20 दिनों तक कैंप कर की थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक अमृत राज के मार्गदर्शन, तत्कालीन डीआईजी दलजीत सिंह के पर्यवेक्षण और तत्कालीन डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने 15 से 20 दिनों तक इलाके में कैंप कर अनुसंधान की समीक्षा की।
जांच के दौरान तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के साथ अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को जुटाया गया। इनके आधार पर घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। मामले का अनुसंधान तत्कालीन पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश ने किया।
26 नवंबर को सजा के बिंदु पर होगी सुनवाई
न्यायालय में मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने की। विचारण के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने चारों आरोपितों को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी करार दिया।
बिहार पुलिस मुख्यालय ने इस फैसले को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, साक्ष्यों की प्रभावी प्रस्तुति और पुलिस एवं अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया है। अब सभी की निगाहें 26 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें दोषियों की सजा तय की जाएगी।




Users Today : 271
Who's Online : 0