Home राज्य पटना के 88.52 करोड़ के ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का पाकिस्तान कनेक्शन! 100...

पटना के 88.52 करोड़ के ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का पाकिस्तान कनेक्शन! 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा

0
66

पटना: महादेव बेटिंग ऐप की तर्ज पर 88.52 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क मामले में जांच के दौरान नया खुलासा सामने आया है। पटना साइबर पुलिस को इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट से जुड़े एक युवक के पाकिस्तानी लड़की से शादी करने की जानकारी मिली है। इसके बाद जांच एजेंसी दुबई से संचालित सट्टेबाजी नेटवर्क के संभावित पाकिस्तान कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, फिलहाल पाकिस्तान से इस सिंडिकेट के संचालन या वित्तीय लेन-देन की पुष्टि नहीं हुई है।

पाकिस्तानी लड़की से शादी करने वाले युवक की तलाश

साइबर पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य आरोपित संदीप कुमार गुप्ता और कौशल कुमार से पूछताछ के दौरान एक युवक के बारे में जानकारी सामने आई, जिसने पाकिस्तानी लड़की से शादी की है। पुलिस अब युवक की पहचान, गतिविधियों और सिंडिकेट में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसका पाकिस्तान में किसी सट्टेबाजी या वित्तीय नेटवर्क से संपर्क था या नहीं।

संदीप और कौशल समेत आरोपितों को फिर रिमांड पर लेने की तैयारी

पटना साइबर पुलिस संदीप और कौशल समेत चार-पांच आरोपितों को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इसके लिए जल्द ही न्यायालय में आवेदन दिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान दुबई और पाकिस्तान से जुड़े संभावित संपर्कों, नेटवर्क के संचालन और पैसों के लेन-देन को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है।

सट्टेबाजी की कमाई से 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति

जांच के दौरान आरोपितों की ओर से सट्टेबाजी और ठगी के पैसे से बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित करने का खुलासा हुआ है। अब तक की जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मुख्य आरोपित संदीप समेत कई लोगों की संपत्ति का ब्योरा जुटा चुकी है। अन्य आरोपितों के बैंक खाते, जमीन, मकान और निवेश की भी जांच की जा रही है। संपत्तियों की पहचान और सत्यापन के बाद जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

44 म्यूल बैंक खातों में 88.52 करोड़ रुपये का लेन-देन

जांच में अब तक 44 म्यूल बैंक खातों के माध्यम से 88.52 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। इनमें 56.88 करोड़ रुपये बिहार के 35 बैंक खातों में जमा हुए थे।

पुलिस के अनुसार, सिंडिकेट का मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता दुबई से नेटवर्क संचालित करता था। भारत में कारोबार और नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी उसने अपनी पत्नी लवली प्रिया को दे रखी थी।

अब तक 34 आरोपित गिरफ्तार

इस मामले में अब तक 34 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साइबर पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेश में मौजूद संभावित संपर्कों और अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों का पता लगाने में जुटी है। बैंक खातों और संपत्तियों का पूरा ब्योरा जुटाकर जब्ती की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

क्या कहती है साइबर पुलिस?

डीएसपी सह पटना साइबर थाना थानाध्यक्ष संगीता ने बताया कि संदीप समेत कुछ आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही सभी आरोपितों की संपत्ति का ब्योरा तैयार किया जा रहा है। संपत्तियों की पहचान और सत्यापन के बाद जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क, संभावित विदेशी संपर्कों और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, किसानों को राहत देने के लिए CM सम्राट चौधरी ने दिए आकलन के निर्देश राज्य

बिहार में बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, किसानों को राहत देने के लिए CM सम्राट चौधरी ने दिए आकलन के निर्देश