पटना : बिहार के कई इलाकों में हाल के दिनों में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। असमय बारिश के कारण खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं। किसानों की परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत की दिशा में पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संबंधित विभागों को फसल नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को राज्य के सभी जिलों से बारिश के कारण हुए फसल नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। दोनों विभागों को जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें मिल रही हैं। इसको लेकर कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की ओर से शुरू की गई इस प्रक्रिया के तहत जिलों से नुकसान की रिपोर्ट जुटाई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों और किसानों की स्थिति का आकलन कर राहत सहायता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सरकार किसानों के हितों को लेकर संवेदनशील है और संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। अब जिलों से नुकसान की रिपोर्ट आने के बाद प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।




Users Today : 253
Who's Online : 0