Home राज्य बिहार से दिल्ली जाना हुआ आसान, 13 जिलों से शुरू हुई सीधी...

बिहार से दिल्ली जाना हुआ आसान, 13 जिलों से शुरू हुई सीधी बस सेवा, जानिए कितना लगेगा किराया

0
8

पटना : बिहार से देश की राजधानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार सरकार ने अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू की गई है। शुक्रवार को नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT), कश्मीरी गेट पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह भी मौजूद रहे।

इस नई बस सेवा के शुरू होने से बिहार के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। ये बसें बिहार के 18 अलग-अलग मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के मुताबिक, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मोड में भी 150 बसों का परिचालन किया जाएगा।

इस योजना के तहत पटना से सबसे अधिक चार मार्गों पर बसें चलेंगी। वहीं, मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से भी दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू की गई है। प्रत्येक मार्ग पर बिहार और दिल्ली, दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले बिहार से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान ही चलाई जाती थी। वर्ष 2025 में त्योहारों के दौरान ट्रेनों और अन्य परिवहन साधनों में भारी भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए निगम और PPP मोड की कुल 210 बसें चलाई गई थीं। वहीं, वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर 155 बसों का परिचालन किया गया था।

BSRTC ने अलग-अलग शहरों से दिल्ली के लिए बस किराया भी निर्धारित कर दिया है। किराया बस की श्रेणी और यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया गया है। सीवान से दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर बस का किराया सबसे कम 1,276 रुपये रखा गया है। वहीं, पटना से दिल्ली जाने के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1,615 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 2,919 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा नॉन-एसी स्लीपर बसों का किराया संबंधित शहरों के नॉन-एसी सीटर किराये से 100 रुपये अधिक निर्धारित किया गया है।

बसों की समय-सारणी, अन्य मार्गों के किराये और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट www\.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी। यात्री किसी भी तरह की जानकारी के लिए निगम के टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

इस नई पहल से बिहार के 13 जिलों के यात्रियों को दिल्ली तक सीधी बस कनेक्टिविटी मिलेगी और त्योहारों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी यात्रा करना आसान होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के अंतर्गत मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न राज्य

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के अंतर्गत मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न