पटना, 22 अगस्त : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में औरंगाबाद जिले के अम्बा स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। शिविर के अंतिम दिन कांग्रेस ने मीडिया और सोशल मीडिया को लेकर रणनीति तैयार करने के साथ ही राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और मौजूदा राजनीतिक परिवेश में पार्टी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण शिविर में जन लामबंदी के आधुनिक तरीकों, संगठन को मजबूत करने और बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी की प्रभावी भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रखंड स्तर पर संगठनात्मक क्षमता और वैचारिक मजबूती को बढ़ाना रहा।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार चला रहे लोग समाज और देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपसी एकता और सहमति से ही देश को मजबूत बनाया जा सकता है। पार्टी और समाज को अनुशासन के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।
अल्लावरु ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रखंड अध्यक्षों की वैचारिक मजबूती के लिए इस तरह का प्रशिक्षण आवश्यक है। उन्होंने प्रखंड अध्यक्षों को पार्टी की रीढ़ बताते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि ‘संगच्छध्वं संबदध्वं’ का सूत्र सबको साथ लेकर चलने और सभी के विचारों का सम्मान करने का संदेश देता है। कांग्रेस हमेशा इस विचार का सम्मान करती रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक पार्टी के सभी पदाधिकारी एक सूत्र में बंधे हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।
राजेश राम ने कहा कि देश निर्माण में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। एक-दूसरे से संवाद करना और परस्पर सम्मान करना कांग्रेस की संगठनात्मक संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन संयोजक प्रो. रंजीत मिश्र ने किया, जबकि विभिन्न सत्रों का संचालन प्रशिक्षक राजकुमार मीणा ने किया। शिविर में असित नाथ तिवारी, कुणाल कुमार, राकेश सिंह, ऋचा, जितेंद्र नाथ पटेल और पूर्व विधायक आनंद शंकर ने प्रशिक्षण दिया।
दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, सत्येंद्र नारायण, अरविंद शर्मा, डॉ. अनिता कुमारी, पूनम यादव, शैलेन्द्र मिश्र, चंद्रभूषण राजपूत सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
