Homeविश्व समाचारअमेरिकी खुफिया एजेंसी प्रमुख का मॉस्को दौरा, रूसी सुरक्षा एजेंसियों से अहम...

अमेरिकी खुफिया एजेंसी प्रमुख का मॉस्को दौरा, रूसी सुरक्षा एजेंसियों से अहम बातचीत: क्रेमलिन

मॉस्को : अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ के अचानक मॉस्को दौरे को लेकर क्रेमलिन ने बुधवार को अहम जानकारी दी। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रैटक्लिफ की यात्रा के दौरान रूस और अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बातचीत हुई। हालांकि, उन्होंने बातचीत के विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया।

रूस की अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे (आरटी) और तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू ने बताया कि पेस्कोव ने मॉस्को में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि रैटक्लिफ के दौरे के दौरान दोनों देशों की विशेष एजेंसियों के जरिए संपर्क हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रैटक्लिफ के बीच कोई मुलाकात नहीं हुई। उनके मुताबिक, फिलहाल दोनों राष्ट्रपतियों के स्तर पर किसी बातचीत की योजना भी नहीं है।

रैटक्लिफ के दौरे की खबर उस समय सामने आई जब फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में अमेरिकी वायुसेना का सी-17ए ग्लोबमास्टर III विमान मॉस्को के व्नुकुवो एयरपोर्ट पर पहुंचता दिखाई दिया। विमान इससे पहले लातविया की राजधानी रीगा गया था और उससे पहले अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज के पास से रवाना हुआ था।

रिपोर्टों के मुताबिक, विमान मंगलवार शाम मॉस्को से रवाना होकर रीगा लौट गया। इसके बाद अमेरिकी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सीआईए प्रमुख बैठकों के लिए मॉस्को में मौजूद थे। अमेरिकी अधिकारियों या सीआईए ने इस दौरे पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

पेस्कोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति को सुरक्षा एजेंसियों के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी गई थी। उन्होंने इस संपर्क को “सकारात्मक घटना और सकारात्मक प्रक्रिया” बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी यह आकलन करना जल्दबाजी होगी कि बातचीत से रूस-अमेरिका संबंधों के “गहरे संकट” को दूर करने की व्यापक प्रक्रिया पर कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं।

मीडिया रिपोर्टों में इस बातचीत के संभावित विषयों के तौर पर यूक्रेन में शांति प्रक्रिया, बंदियों से जुड़े मुद्दे, ईरान से संबंधित घटनाक्रम और रणनीतिक स्थिरता जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, क्रेमलिन ने इन विषयों की पुष्टि नहीं की है।

गाैरतलब है कि, रैटक्लिफ का मॉस्को दौरा साल 2021 के बाद सीआईए प्रमुख की रूस यात्रा का पहला ज्ञात मामला है। नवंबर, 2021 में तत्कालीन सीआईए निदेशक विलियम बर्न्स ने मॉस्को का दौरा किया था।

रैटक्लिफ और रूस की विदेशी खुफिया सेवा (एसवीआर) के प्रमुख सर्गेई नारिशकिन के बीच मार्च, 2025 में फोन पर बातचीत हुई थी। इससे पहले नवंबर, 2022 में बर्न्स ने अंकारा में नारिशकिन से मुलाकात की थी। उस बैठक में परमाणु तनाव बढ़ने के जोखिम और हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

रैटक्लिफ की ताजा मॉस्को यात्रा ऐसे समय में हुई है जब रूस और अमेरिका के बीच संबंधों में तनाव के बावजूद दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच संपर्क बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments