पटना : बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार 15 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक 21 दिनों के अवकाश पर रहेंगे। अपरिहार्य निजी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उन्हें 21 दिनों के उपार्जित अवकाश की स्वीकृति दी गई है।
विनय कुमार के अवकाश पर रहने के दौरान 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा बिहार DGP का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी। फिलहाल प्रीता वर्मा गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं की महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा के पद पर कार्यरत हैं।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी
विनय कुमार के अवकाश को लेकर राज्यपाल के आदेश के बाद आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक, अवकाश की अवधि में प्रीता वर्मा बिहार पुलिस महानिदेशक के दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
12 दिसंबर को खत्म होगा विनय कुमार का कार्यकाल
बता दें कि 1991 बैच के IPS अधिकारी विनय कुमार का बिहार DGP के तौर पर निर्धारित दो साल का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है। कार्यकाल खत्म होने से करीब तीन महीने पहले उनका 21 दिनों के अवकाश पर जाना चर्चा में है।
फिलहाल 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक बिहार पुलिस की कमान प्रीता वर्मा के हाथों में रहेगी।
