पटना : बिहार में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार 6 से 9 अक्टूबर तक बिहार में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।
आज अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिमी चंपारण में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन जिलों में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राज्य के दक्षिणी हिस्सों में फिलहाल अधिकांश जगह मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटे में किशनगंज में भारी बारिश भी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के ताजा चेतावनी बुलेटिन के मुताबिक बिहार में 7, 8 और 9 अक्टूबर को भी गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रह सकता है। 10 अक्टूबर से राज्य में किसी तरह की चेतावनी नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की विदाई के दौर में स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में अचानक बारिश और तेज हवा की स्थिति बन सकती है। लोगों को बिजली चमकने और तेज हवा के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए।
