Home राज्य दरभंगा को CM सम्राट चौधरी की 346 करोड़ की सौगात, पहली से...

दरभंगा को CM सम्राट चौधरी की 346 करोड़ की सौगात, पहली से छठी तक पढ़ाई जाएगी मैथिली

0
304

दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर मिथिला की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री को पाग, चादर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले को 346 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कुल 105 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही मैथिली भाषा, दरभंगा एयरपोर्ट और मिथिलांचल के औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले तीन महीने के भीतर दरभंगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे मिथिलांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा 2030 तक राज्य के एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने मैथिली भाषा के विकास को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब पहली से छठी कक्षा तक मैथिली भाषा की पढ़ाई कराई जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और मिथिला की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि मैथिली भाषा का व्यापक विकास हो सके।

मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा को राजकीय समारोह के साथ स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बदलकर विद्यापति एयरपोर्ट करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार एक महीने के भीतर इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि मार्च 2027 तक दरभंगा के नए एयरपोर्ट को आम लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह में मैथिली भाषा, मिथिला की संस्कृति और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर घोषणाएं की गईं। इनमें मैथिली की पढ़ाई, विद्यापति एयरपोर्ट का प्रस्ताव और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की शुरुआत प्रमुख रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
25 नवंबर को सीवान में ममता मेडिकल कॉलेज का होगा भव्य उद्घाटन राज्य

25 नवंबर को सीवान में ममता मेडिकल कॉलेज का होगा भव्य उद्घाटन