Home राज्य सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों से नहीं रहेंगे पीछे, 12वीं...

सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों से नहीं रहेंगे पीछे, 12वीं तक कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य : शिक्षा मंत्री

0
234

सीवान : बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी अब निजी स्कूलों के बच्चों से किसी मायने में पीछे नहीं रहेंगे। यह बातें बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने रविवार को सीवान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित गोरख सिंह महाविद्यालय परिसर में एक स्वयंसेवी संस्था के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के संस्थापक डॉ. मंजेश पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार, प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह, वीणा कुमारी और डॉ. मंजेश पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

जनवरी तक पूरा होगा शिक्षकों का स्थानांतरण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए सरकार लगातार बदलाव कर रही है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को पढ़ाने की अपील की। साथ ही कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए सरकार तैयार है।

मंत्री ने बताया कि राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन की स्थापना की गई है। वहीं, कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को विद्या साथी एप से जोड़ा गया है। इस एप के माध्यम से विद्यार्थी रात एक बजे भी अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अगले साल से कक्षा छह से 12वीं तक कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य की जाएगी। इसके अलावा अनुदानित महाविद्यालयों को प्रत्येक महीने अनुदान देने की व्यवस्था शुरू की जाएगी। शिक्षकों का स्थानांतरण भी जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।

50 हजार से अधिक बच्चों का हुआ स्कॉलरशिप टेस्ट

संस्था के संस्थापक डॉ. मंजेश पांडेय ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016 में ग्रामीण स्तर पर आरसीएफ की स्थापना की गई थी। अब तक संस्था 50 हजार से अधिक बच्चों का स्कॉलरशिप टेस्ट आयोजित करा चुकी है।

उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स मीट, शिक्षकों का सम्मान समारोह और आर्थिक रूप से कमजोर मेडिकल एवं इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को सहयोग दिया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

स्कॉलरशिप टेस्ट के विजेता विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान स्कॉलरशिप टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री ने सम्मानित किया। ग्रुप ए (कक्षा छह से आठ) में अभिषेक कुमार ने प्रथम, प्रिया रानी ने द्वितीय और शिवानी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, ग्रुप बी (कक्षा नौ से 12) में बिट्टू कुमार प्रथम, आदर्श कुमार यादव द्वितीय और सृष्टि कुमारी तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम का संचालन अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सोनिया चौहान ने किया। इस अवसर पर जदयू नेता अभय कुमार उपाध्याय उर्फ झाम बाबा, रणजीत राजपूत, विपुल प्रसाद, कादिर अहमद, विवेक त्रिवेदी, अंशु तिवारी, नवीन पांडेय, मनोज पांडेय, प्रमोद पांडेय, प्रभास तिवारी, मंजय सिंह, अंजलि पुष्कर, कविता सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में अब बेकार नहीं जाएगा रोजाना निकलने वाला गंदा पानी, जेपी गंगा पथ से बरौनी रिफाइनरी तक होगी सप्लाई राज्य

बिहार में अब बेकार नहीं जाएगा रोजाना निकलने वाला गंदा पानी, जेपी गंगा पथ से बरौनी रिफाइनरी तक होगी सप्लाई