जनवरी 2027 से शुरू होगी सुपर स्पेशियलिटी सेवा
पीएमसीएच में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे जल्द शुरू करने के लिए नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एजेंसी ने अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू किया है और उसे काम पूरा करने के लिए तीन महीने का समय दिया गया है। अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य जनवरी 2027 तक भवन तैयार कर सेवाएं शुरू करना है। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
जून 2027 तक तैयार होगी नौ मंजिला इमारत
पीएमसीएच के विस्तार का दूसरा चरण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। टाटा वार्ड की जगह नौ मंजिला इमारत का निर्माण कराया जा रहा है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस भवन के तैयार होने के बाद अस्पताल की कुल क्षमता बढ़कर 2100 बेड हो जाएगी। इससे बिहार के अलग-अलग जिलों से इलाज के लिए पटना आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
दिसंबर में शुरू होंगे पार्किंग के दो नए फेज
अस्पताल परिसर में लंबे समय से बनी पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग विकसित की जा रही है। इसका पहला फेज पीजी चिकित्सकों के लिए तैयार कर चालू कर दिया गया है। इसमें करीब 750 गाड़ियों को खड़ा करने की क्षमता है। यह पार्किंग 24 घंटे खुली रहेगी।
अब दिसंबर में इसके दो अन्य फेज भी शुरू करने की तैयारी है। ये दोनों पार्किंग अस्पताल प्रशासन के अधीन रहेंगे। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने में सुविधा होगी।
ऑनलाइन निगरानी के साथ तैनात रहेंगे 15 सुरक्षा गार्ड
मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गाड़ियों की सुरक्षा के लिए 15 सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। पार्किंग के सभी चरण शुरू होने के बाद अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अधीक्षक बोले- जनवरी में तैयार होगा अस्पताल
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। नई एजेंसी को तीन महीने का समय दिया गया है, जिसमें एक महीना पूरा हो चुका है। जनवरी 2027 तक अस्पताल तैयार करने की समय सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि नए साल में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू करने की तैयारी है।
पीएमसीएच में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, नौ मंजिला भवन और मल्टीलेवल पार्किंग के विस्तार से अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में बदलाव आने की उम्मीद है। इसका लाभ पटना समेत पूरे बिहार से इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को मिल सकेगा।



Users Today : 274
Who's Online : 1