Home राज्य बिहार सीवान में 23 नवंबर से पुरुष नसबंदी पखवाड़ा, 19 दिसंबर तक चलेगा...

सीवान में 23 नवंबर से पुरुष नसबंदी पखवाड़ा, 19 दिसंबर तक चलेगा अभियान

0
271

सीवान: परिवार नियोजन की जिम्मेदारी अब केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने और पुरुष नसबंदी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों एवं संकोच को दूर करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 23 नवंबर से सीवान जिले में विशेष पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू कर रहा है। यह अभियान 19 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देंगी। इच्छुक लाभार्थियों को स्वास्थ्य संस्थानों में उनकी पसंद के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

तीन चरणों में संचालित होगा अभियान

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अभियान के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में 23 से 28 नवंबर तक योजना-सह-समन्वय सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिला और प्रखंड स्तर पर अधिकारियों की बैठक कर अभियान की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन और प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित कर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

दूसरे चरण में 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक दंपत्ति संपर्क सप्ताह चलेगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी और विकास मित्र घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों से संपर्क करेंगे। उन्हें पुरुष नसबंदी के लाभ, प्रक्रिया और परिवार नियोजन के अन्य विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इच्छुक दंपत्तियों को उनकी जरूरत के अनुसार परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

7 से 19 दिसंबर तक स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेंगी सेवाएं

अभियान के तीसरे चरण में 7 से 19 दिसंबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन की स्थायी एवं अस्थायी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक दंपत्ति इन स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर अपनी पसंद के अनुसार सेवा प्राप्त कर सकेंगे।

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए पुरुषों की सहभागिता बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, लोगों को सही जानकारी और परामर्श देना तथा इच्छुक दंपत्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के 94 से अधिक घाट तैयार, 385 सफाईकर्मी तैनात राज्य

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के 94 से अधिक घाट तैयार, 385 सफाईकर्मी तैनात