Home राज्य कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के 94 से अधिक घाट तैयार, 385 सफाईकर्मी...

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के 94 से अधिक घाट तैयार, 385 सफाईकर्मी तैनात

0
245

पटना: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को गंगा स्नान के लिए पटना के 94 से अधिक घाटों को तैयार कर लिया गया है। गया, मसौढ़ी, पुनपुन, जहानाबाद समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सोमवार रात से ही पटना आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए नगर निगम ने घाटों पर सफाई, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

घाटों और संपर्क पथों की हुई विशेष सफाई

छठ पूजा के दौरान घाटों पर की गई बैरिकेडिंग को बरकरार रखा गया है। गंगा घाटों की सीढ़ियों, संपर्क पथों और आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई कराई गई है। नगर निगम ने सफाई कार्य के लिए 385 कर्मियों को तैनात किया है। घाटों को साफ रखने और कचरा हटाने के लिए आधुनिक मशीनों की भी मदद ली गई है।

जेसीबी से लेकर हाइवा तक लगाये गये

घाटों की सफाई और कचरा हटाने के लिए जेसीबी, बॉबकैट, मिनी हाइवा, हाइवा, क्लोज टिपर, ई-कार्ट और स्प्रिंकलर मशीनों को लगाया गया है। छठ के दौरान घाटों पर छोड़ी गई पूजा सामग्री और अन्य कचरे को हटाकर स्नान के लिए जगह तैयार की गई है।

चार घाटों पर अस्थायी तालाब की व्यवस्था

गंगा नदी में स्नान के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार घाटों पर अस्थायी तालाब भी बनाए गए हैं। इनमें एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट, पहलवान घाट और अब्दुल रहमानपुर घाट शामिल हैं। यहां श्रद्धालुओं को वैकल्पिक स्नान की सुविधा मिलेगी।

दीघा और घाट नंबर 93 के आसपास विशेष तैयारी

पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक 170 सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है। इस अंचल के 17 घाटों पर स्नान की व्यवस्था की गई है। इनमें नकटा दियारा, जहाज घाट, रामजीचक स्कूल, रामजीचक, रामजी बाटा घाट, चैनपुर कोठी घाट, शिवा घाट, दीघा-पाटीपुल घाट, मीनार घाट, जेपी सेतु/जनार्दन घाट, गेट संख्या 93, गेट नंबर 88, गेट नंबर 83, कुर्जी घाट, बांस घाट और कलेक्ट्रेट घाट शामिल हैं।

महेंद्रू और काली घाट समेत बांकीपुर के 17 घाट तैयार

नूतन राजधानी अंचल में कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट को स्नान के लिए तैयार किया गया है। वहीं, बांकीपुर अंचल के 17 घाटों पर भी व्यवस्था की गई है। इनमें वंशी घाट, काली घाट (दरभंगा हाउस), कदम घाट, पटना कॉलेज घाट, कृष्णा घाट, गांधी घाट, बड़हड़वा घाट, गोलकपुर बालू घाट, पटना लॉ कॉलेज घाट, रानी घाट, बीएन राय घाट, गुलबी घाट, बालू घाट, घघा घाट, रौशन घाट, देवराहा बाबा घाट और जगरनाथ घाट शामिल हैं।

अजीमाबाद और पटना सिटी में भी तैयारियां पूरी

अजीमाबाद अंचल में घसियारी घाट, कोयला घाट, नरकट घाट, पथरी घाट, लोहरवा घाट, राजा घाट, गाय घाट, कंटाही घाट, भद्र घाट, महावीर घाट, पटन देवी घाट और नौजर घाट समेत कई घाट तैयार किए गए हैं।

इसी तरह पटना सिटी क्षेत्र में मिरचाई घाट, हीरानंद साह घाट, झाउगंज घाट, कंगन घाट, गुरु गोविंद सिंह कॉलेज घाट/किला घाट, खिड़की घाट, पत्थर घाट, अदरक घाट, गड़ेरिया घाट, पिरदमरिया घाट, नंद टोला घाट, नरूद्दीनगंज घाट, बुंदेल टोली घाट और दमराही घाट समेत अन्य घाटों पर भी स्नान की व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने श्रद्धालुओं से निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने और नदी में उतरते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में 20 हजार करोड़ का द्वितीय अनुपूरक बजट लाने की तैयारी, शिक्षा-स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर रहेगा जोर राज्य

बिहार में 20 हजार करोड़ का द्वितीय अनुपूरक बजट लाने की तैयारी, शिक्षा-स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर रहेगा जोर