वैशाली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान वैशाली के राघोपुर में नीतीश सेतु का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक विशेष रथ पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए।
इस दौरान पीएम मोदी का अलग अंदाज देखने को मिला। रथ पर सवार प्रधानमंत्री ने हाथ में गमछा लेकर उसे लहराया और वहां मौजूद बिहार की जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। लोगों ने भी हाथ हिलाकर और नारे लगाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री के साथ रथ पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे।
नीतीश सेतु का उद्घाटन बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के शुरू होने से पटना और वैशाली समेत उत्तर बिहार के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके साथ ही लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगली बड़ी सभा वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में होगी। यहां प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार के विकास और आगामी परियोजनाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें राजापाकर की जनसभा पर टिकी हैं, जहां से पीएम मोदी बिहार के लिए कई बड़ी घोषणाएं और परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।




Users Today : 254
Who's Online : 1